मीरापुर। भगवंत इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नालाजी में आरोग्य भारती की बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. बीएन सिंह ने कहा कि उत्तम स्वास्थ्य बनाए रखने के लिए सकारात्मक सोच भी जरूरी है। बीएन सिंह ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुधार के लिए आरोग्य मित्र नियुक्त करने पर बल दिया।
कर्नाटक से आए अखिल भारतीय मधुमेय मुक्त अभियान को चलाने वाले निवास मूर्ति ने कहा कि स्वास्थ्य जीवन के लिए दैनिक दिनचर्या पर ध्यान देना आवश्यक है। संस्थान के चेयरमैन डॉ. अनिल सिंह ने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति, स्वस्थ परिवार, स्वस्थ ग्राम व स्वस्थ सोच से ही देश को रोगमुक्त किया जा सकता है। कार्यक्रम के उपरांत संस्थान के परिसर में आरोग्य भारती की ओर से रुद्राक्ष, गिलोय, पत्थरचटा व पीपल की पौध रोपित की गई। इस अवसर पर नवनीत गर्ग, विनोद गोस्वामी, रमेश चंद्र, डा. हर्ष प्रताप, मुकुल जैन, मिथलेश कुमार, सुधीर कुमार, पवन कुमार, पूनम, दीपक अग्रवाल, राम अवतार आदि उपस्थित रहे। संचालन डा. राघव मेहरा ने किया। वैद्य अजय गर्ग को आरोग्य भारती का प्रदेश अध्यक्ष मनोनीत किया गया।
दो पक्षों में मारपीट, पथराव
मीरापुर। गांव संभलहेड़ा में मामूली कहासुनी के बाद दो पक्षों मे मारपीट हो गई। झगड़े में हुए पथराव में अरविंद पुत्र भारत घायल हो गया। ग्रामीणों ने घायल को गांव में ही उपचार दिलाया। पीड़ित ने हमला करने वालों के विरुद्ध थाने में तहरीर दी है।
एसएसपी से शिकायत की
मीरापुर। थाना रामराज में तैनात एक दरोगा ने अपने साथी दरोगा के आचरण से परेशान होकर एसएसपी अनंत देव तिवारी से कार्रवाई की मांग की। थाना रामराज में दो दरोगा काफी समय से तैनात हैं। हल्के के बंटवारे को लेकर दोनों आपस में झगड़ा करते रहते हैं। एक दरोगा का आरोप है कि उसके प्रतिद्वंदी दरोगा ने गाली गलौच कर उसको थाने से बाहर करने की धमकी दी। पीड़ित ने दरोगा से परेशान होकर एसएसपी को शिकायती की है।