प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत पात्रों को लाभान्वित करने के लिए केंद्र सरकार के ग्राम स्वराज्य अभियान की कड़ी में ग्राम शक्ति दिवस का आयोजन किया गया। विद्युत निगम ने सभी पात्रों को सौभाग्य योजना के अंतर्गत कनेक्शन जारी किए।
जिला पंचायत के चौधरी चरण सिंह सभाकक्ष में ग्राम स्वराज्य अभियान में ग्राम शक्ति दिवस का आयोजन हुआ। जिले के ग्रामीण क्षेत्र के प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्रों को इसमें आमंत्रित किया गया। इस अवसर पर सांसद डॉ. संजीव बालियान ने कहा कि केंद्र सरकार ने गरीबों के हितों को लेकर बेहतर कार्य किया है। सरकार प्रत्येक गरीब के घर में उजाला करना चाहती है। सौभाग्य योजना में बिजली के कनेक्शन और उज्ज्वला योजना में गैस कनेक्शन सरकार की गरीब के प्रति सोच का परिचायक है। पीएम गरीबों और किसानों के कल्याण के लिए चिंतित रहते हैं, जो काम हमारी सरकार ने करके दिखाया है, वो पिछले 60 बरसों में भी नहीं हो पाया।
डीएम राजीव शर्मा ने कहा कि जिले में सहज बिजली हर घर योजना में 33.65 करोड़ स्वीकृत हुए हैं। 1214 को सौभाग्य योजना में अब तक कनेक्शन दिए गए। 457 को एलईडी बल्ब वितरित किए गए। विद्युत निगम के अधीक्षण अभियंता ग्रामीण दीपक अग्रवाल ने बताया कि 14 अप्रैल से पांच मई तक ग्राम स्वराज्य अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में आज ग्राम शक्ति दिवस आयोजित हुआ और इसमें प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को सौभाग्य योजना के अंतर्गत विद्युत कनेक्शन देकर लाभान्वित किया है। विधायक उमेश मलिक, विधायक विजय कश्यप, डीएम ने पात्रों को सौभाग्य योजना के अंतर्गत विद्युत कनेक्शन का प्रमाणपत्र वितरित किया। कार्यक्रम में डीडीओ मोतीलाल व्यास, अधीक्षण अभियंता ग्रामीण दीपक अग्रवाल, अधिशासी अभियंता सोमदत्त शर्मा, एसडीओ एवं जेई विद्युत आदि उपस्थित रहे।