सार्वजनिक भूमि पर कब्जा करने वालों पर कसेगी नकेल
मुजफ्फरनगर। डीएम राजीव शर्मा ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस में आने वाली शिकायतों का निस्तारण अधिकारी संवेदनशील होकर प्राथमिकता के आधार पर करें। भूमि संबंधित विवादों का निस्तारण राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर जाकर करें। आईजीआरएस प्रणाली के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का निस्तारण समय सीमा में होना चाहिए। सार्वजनिक भूमि, तालाब, नाली, चकरोड, चरागाह, ग्राम समाज की भूमि आदि पर अतिक्रमण और अवैध कब्जे नहीं होने पाए।
डीएम राजीव शर्मा ने सदर तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जनशिकायतों का निस्तारण करने के बाद अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस में राजस्व विभाग की अधिक शिकायतें आती हैं। इसलिए अधिकारी संवेदनशील हेाकर तत्परता के साथ इनका निस्तारण करें। शिक्षा विभाग, खाद्य आपूर्ति विभाग, कृषि विभाग, पीडब्लूडी, पुलिस, समाज कल्याण विभाग आदि विभागों की समस्याओं पर डीएम ने निर्देश दिए कि एक सप्ताह के अंदर शिकायतों का निस्तारण करें। उन्होंने कहा कि शिकायतें लंबित न रखी जाये और शिकायत प्राप्त होते ही उनके निस्तारण की कार्रवाई प्राथमिकता पर संचालित की जाए। जनपद में ग्राम स्वराज अभियान के 29 ग्रामों व 10 वार्डों में 16 जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित ग्रामों और वार्डों को पूर्ण संतृप्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान में किसी प्रकार की उदासीनता न बरती जाए। उन्होंने कहा कि जनपद में 27 मई से नुमाइश ग्राउंड में कृषि एवं औद्योगिक प्रदर्शनी का आयोजन भी कराया जाएगा, जिसमें सभी विभागों के स्टाल लगाए जाएंगे और हर विभाग अपनी योजनाओं की जानकारी आम जनता को उपलब्ध कराएगा, जिससे पात्र लोग कल्याणकारी एवं लाभार्थीपरक योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर लाभ उठा सकेंगे। संपूर्ण समाधान दिवस सदर तहसील में 71 शिकायत प्राप्त हुईं, इनमें दो शिकायतों का निस्तारण मौके पर किया गया। किसान की कोई शिकायत लंबित नहीं होनी चाहिए। संबंधित विभागीय अधिकारी किसान की समस्या का निस्तारण गतिशीलता के साथ करेें। बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि जो तार ढीले हैं उन्हें शीघ्र ही कसवाया जाए। इस मौके पर एसएसपी अनंत देव, सीएमओ पीएस मिश्रा, एसडीएम, तहसीलदार सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी रहे।
-