मुजफ्फरनगर। यातायात नियमों का तोड़ना शहर में शग्ल बना गया है। आम आदमी से लेकर सरकारी कर्मचारी, नेता बिन हेलमेट के दुपहिया वाहनों पर फर्राटा भरते हैं। विभागों के कर्मचारी भी बिना हेलमेट के एंट्री कराते हैं। इससे अभियान पर प्रभाव पड़ रहा है।
अब सरकारी विभागों में तैनात कर्मचारी, अधिकारी दुपहिया वाहन पर प्रत्येक बुधवार को हेलमेट का प्रयोग करेंगे। इसके बिना प्रवेश पर रोक लगाई गई है। प्रदेश सरकार ने लोगों में यातायात जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रत्येक बुधवार को चेकिंग अभियान चलाया जाता है। जिसमें सीट बेल्ट, हेलमेट आदि की जांच होती है। आम नागरिकों, ग्रामीणों पर कार्रवाई आसान है, जबकि सरकारी कर्मचारियों के चालान काटे जाना टेढ़ी खीर है। यातायात जागरूकता, जीवन सुरक्षा और दुर्घटना में बचाव को लेकर हेमलेट डे मनाया जाएगा। जिला विकास अधिकारी मोतीलाल व्यास ने आदेश जारी किए हैं। जिनमें साफ कहा गया है कि प्रत्येक बुधवार को विभागों में हेलमेट डे मनाया जाएगा। बिन हेलमेट पहनकर आने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।