कुत्तों के हमले से पहाड़ा की मौत
छपार (मुजफ्फरनगर)। हिरण प्रजाति के एक पहाड़ा को जंगली कुत्तों ने हमला कर घायल कर दिया। जान बचाने को वह गांव में घुस आया। ग्रामीणों ने इस संबंध में वन विभाग को सूचना दी, मगर जब तक वनकर्मी पहुंचते, तब तक उसने दम तोड़ दिया। बुधवार को गांव महरायपुर के जंगल में एक पहाड़ा को घेरकर घायल कर दिया, किसी तरह वह छूटकर भागा और गांव में घुस आया। ग्रामीणों ने उसकी जान बचाई। ग्राम प्रधान आदित्य ने वन विभाग के कर्मचारियों को फोन कर सूचना दी। वनकर्मी अमित कुमार गांव पहुंचा, तब तक उसकी मौत हो गई। वनकर्मी उसके शव को गाड़ी में डालकर ले गए।
डीसीएम पलटने से तीन घायल
भोपा (मुजफ्फरनगर)। बाइक सवार को बचाने के प्रयास में डीसीएम के पलटने से सैकड़ों मुर्गे मर गए। हादसे में चालक सहित तीन लोग घायल हो गए।
बृहस्पतिवार सुबह डीसीएम रहकड़ा पुलिया के पास उस समय पलट गई, जब चालक ने बाइक सवार को बचाने का प्रयास किया। डीसीएम के पलटने पर पास में ही आढ़त और फैक्ट्री में काम करने वाले कुछ लोग बाहर आए और डीसीएम सवार लोगों को बाहर निकाल कर ट्रैक्टर के माध्यम से गाड़ी को सीधा किया गया। चालक तनसीर और लियाकत को चोटें आईं। डीसीएम सवार तीसरे व्यक्ति शोएब को गंभीर घायल होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों ने बताया कि पुरकाजी के एक पोल्ट्री फार्म से मुर्गे भरकर मेरठ जा रहे थे। गाड़ी पलटने से सैकड़ों मुर्गे भी मर गए हैं।