ज्ञान-विज्ञान मेले में छात्रों ने दिखाई प्रतिभा
मुजफ्फरनगर। सरस्वती शिशु मंदिर साकेत के नौ छात्र विद्या भारती द्वारा बहजोई में कराई गई प्रांत स्तर की प्रतियोगिताओं में पहले स्थान पर रहे। स्कूल आने पर इन छात्रों का स्वागत किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य संजीव कुमार ने बताया कि प्रांत स्तर पर स्कूल के कुल 19 छात्रों ने भाग लिया था। इनमें नौ छात्रों ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विज्ञान मेले में हर्षित आर्य, अनमोल धीमान और अदिती आर्या के नेतृत्व में समूह गया था। छात्रों के सम्मान कार्यक्रम में अमरजीत सिंह सिडाना, अरुण खंडेलवाल, सुदर्शन सिंह, प्रमोद अरोरा, रोहिताश गुप्ता, सुनील गुप्ता, सचिन सिंघल, राजकुमार मलिक, जय कुमार शर्मा आदि रहे।
इग्नू छात्रों की सहायता को सदैव तत्पर: झा
मुजफ्फरनगर। इग्नू के क्षेत्रीय केंद्र नोएडा के निदेशक डॉ गुलाब झा ने कहा कि इग्नू ने ग्रामीण छात्रों को शिक्षा की मुख्य धारा से जोड़ने का एक अनूठी पहल की है। छात्रों की सहायता के लिए इग्नू हमेशा तत्पर है।
एसडी कॉलेज में आयोजित संगोष्ठी में झा ने कहा कि इग्नू और इलेक्ट्रानिक एवं इंफोरमेशन टेक्नालाजी मंत्रालय के बीच समझौता हुआ है। मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले जनसेवा केंद्र इग्नू के विद्यार्थियों को उनके ऑनलाइन प्रवेश फार्म, परीक्षा फार्म तथा अन्य सेवाएं प्रदान करेंगे। इग्नू देश के हर वर्ग जाति एवं दूरदराज के पिछड़े क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा प्रदान कर रहा है। इग्नू कौशल आधारित शिक्षा प्रदान कर रहा है। ग्रामीण किसान, मजदूर से लेकर प्रशासनिक वर्ग का व्यक्ति इग्नू की शिक्षा से लाभान्वित हो रहा है। उप निदेशक डॉ सिरान मुखर्जी ने इग्नू की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। प्राचार्य डॉ एससी वार्ष्णेय ने विचार रखे। डॉ अजय पाल, डॉ एसएन सिंह, डॉ बबीता गुप्ता, अंजुल भूषण आदि रहे।