मुजफ्फरनगर। सिविल लाइन क्षेत्र में प्रधानमंत्री मातृत्व योजना के तहत गाइनी सोसायटी के तत्वावधान में कार्यशाला का आयोजन किया गया। चिकित्सकों ने कहा कि जच्चा की समय पर जांच जरूरी है। इसी प्रकार प्रसव के बाद बच्चे की भी जांच अवश्य कराएं। गर्भवती महिलाओं में खून की कमी न होने दें, इसके लिए उन्हें भरपूर प्रोटीन, तरल पदार्थ के साथ समयबद्धता के साथ भोजन कराए।
कार्यशाला का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पालिका चेयरमैन अंजू अग्रवाल, सीएमओ डॉ पीएस मिश्रा, सीएमएस डॉ अमिता गर्ग, अहमदाबाद से आए डॉक्टर महेश गुप्ता ने संयुक्त रूप से किया। मुख्य अतिथि चेयरमैन अंजू अग्रवाल ने कहा कि नगर को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने में नागरिक सहयोग करें। शहर से गंदगी को दूर करने के लिए बेहतर कार्य किए जाएंगे। सीएमओ डॉ पीएस मिश्रा ने कहा कि पोषण की कमी के कारण बच्चों का शरीर पूरी तरह से विकसित नहीं हो पाता है। इसके लिए उन्हें भरपूर आहारयुक्त भोजन एवं प्रोटीन दिए जाने जरूरी है। वरिष्ठ महिला रोग विशेषज्ञ डॉ तारिणी तनेजा ने कहा कि प्रसव के दौरान 500 मिली खून बच्चे के साथ गर्भवती महिला के शरीर से निकलता है, लेकिन कई रोगियों में खून निकलने की मात्रा अधिक होती है। यह समस्या उन महिलाओं में अधिक होती है, जिनके शरीर पर सूजन आदि रहती है। ऐसे में समय-समस पर जच्चा की जांच कराना जरूरी है। अहमदाबाद से आए चिकित्सक डॉ महेश गुप्ता ने कहा कि रोगियों की विशेष देखभाल जरुरी है। दवाईयों के साथ रोगी को चिकित्सकीय परामर्श के बाद फल-दूध आदि दिया जाना चाहिए। इस दौरान डॉ तारिणी तनेजा ने चेयरमैन और डॉक्टरों का अभिनंदन किया।