रविवार 26 नवंबर को नगरीय निकाय चुनाव संगीनों के साय में कराया जाएगा। हर बूथ पर सशस्त्र सिपाही समेत छह पुलिस कर्मी तैनात रहेंगे। चुनाव को शांति पूर्वक संपन्न कराने के लिए भारी मात्रा में पुलिस फोर्स और अर्द्धसैनिक बल चुनाव ड्यूटी में नियुक्ति किया गया है। शुक्रवार शाम को चुनाव प्रचार समाप्त हो गया है। शनिवार को पोलिंग पार्टियां और पुलिस पार्टियां बूथों के लिए रवाना होगी।
नगरीय निकाय चुनाव के दूसरे चरण में रविवार 26 नवंबर को जिले में मतदान होगा। चुनाव को शांति पूर्वक कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता बंदोबस्त किए है। जिले को 13 जोन और 41 सेक्टर में बांट कर जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी लगाई गई है। मुजफ्फरनगर और खतौली नगर पालिका के अलावा आठ नगर पंचायत पुरकाजी, चरथावल, सिसौली, शाहपुर, बुढ़ाना, जानसठ, मीरापुर, भोकरहेड़ी में मतदान कराने के लिए 156 मतदान केंद्रों और 599 बूथ बनाए गए है। इन मतदान केंद्रों में 12 अति संवेदनशील प्लस, 71 अति संवेदनशील, 20 संवेदनशील श्रेणी में शामिल किए गए है।
एसपी सिटी ओमवीर सिंह ने बताया कि जनपद पुलिस बल के अलावा शामली, सहारनपुर से भी पुलिस फोर्स बुलाया गया है, जिनमें तीन डिप्टी एसपी, 25 निरीक्षक, 210 उपनिरीक्षक, 1000 कांस्टेबल व 1200 होमगार्ड शामिल है। अर्द्धसैनिक बलों की सात कंपनी भी यहां आई है।
वीडियोग्राफी कराई जाएगी
मुजफ्फरनगर। जिन 12 मतदान केंद्रों को अति संवेदनशीन प्लस की श्रेणी में शामिल किया गया है। उन सभी मतदान केंद्रों पर मतदान की वीडियोग्राफी कराई जाएगी।
एक हजार खुराफातियों को लाल कार्ड जारी
मुजफ्फरनगर। एससी सिटी ने बताया कि निकाय चुनाव को शांतिपूर्वक संपन्न कराने को करीब 11 हजार लोगों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की है। इसके अलावा जो लग रहा है कि वो खुराफात कर सकते है ऐसे 1000 लोगों को चिन्हित कर उन्हें लाल कार्ड जारी किए गए है। मतदान के दिन पुलिस कुछ लोगों को उनका वोट डलवाने के बाद नजरबंद भी कर सकती है।
छतों पर पत्थर मिले तो होगी कार्रवाई, ड्रोन कैमरे से निगरानी
मुजफ्फरनगर। मतदान केंद्रों के पास रहने वालों के मकानों की छतों पर यदि ईंट, पत्थर या अन्य आपत्तिजनक सामान मिला तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ड्रोन कैमरों से इसकी निगरानी की जाएगी।