निकाय चुनाव प्रेक्षक देवाशीष पांडा ने पोलिंग पार्टी रवानगी स्थल और स्ट्रांग रूम का नवीन मंडी स्थल पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने अफसरों को निर्देशित करते हुए कहा कि ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए कि पोलिंग पार्टियों को कोई परेशानी न हो। जोनल मजिस्ट्रेट और सेक्टर मजिस्ट्रेट की देखरेख में रवानगी होनी चाहिए।
नवीन मंडी स्थल पर सभी व्यवस्था देखने के बाद पर्यवेक्षक ने कहा कि सेक्टर मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट अपनी पोलिंग पार्टियों के साथ उपस्थित रहने चाहिए। शनिवार को पोलिंग पार्टी को उपलब्ध कराई जाने वाली किट में समस्त सामग्री उपलब्ध है, यह भी सही तरीके से चेक कर लेना है। यदि किसी सामग्री की कमी है तो रिटर्निंग अधिकारी के माध्यम से तुरंत ही प्राप्त कर लें। पोलिंग पार्टियों के लिए पेयजल एवं खान पान की व्यवस्था के लिए स्थान चिह्नित कर लें। कूकड़ा मंडी से नगर पालिका परिषद मुजफ्फरनगर, पुरकाजी एवं चरथावल की पोलिंग पार्टियां रवाना होगी। 60 बसें नगर पालिका परिषद मुजफ्फरनगर की पोलिंग पार्टियों एवं छह बस पुरकाजी तथा चार बस चरथावल के लिए पोलिंग पार्टियों के साथ रवाना होगी।
पर्यवेक्षक ने कहा कि साफ सफाई आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करा ली जाए। तीन स्थानों पर पोलिंग पार्टियों को चुनाव सामग्री का वितरण कराया जाएगा। उन्होंने रिजर्व ड्यूटी में लगाये गए अधिकारियों, कर्मचारियों को एक ही स्थान पर बैठाए जाने एवं उपस्थिति लेने के भी निर्देश दिए। पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि वाहन पार्किंग की व्यवस्था इस प्रकार की जाए कि कहीं भी जाम की स्थिति उत्पन्न न होने पाए। पोलिंग पार्टियों की बसें किस गेट से निकास करेगी, यह भी पहले से ही सुनिश्चित कर लिया जाए। उन्होंने नगर निकायों सहित नगर पालिका परिषद के लिए चुनाव सामग्री के डिस्ट्रीब्यूशन के लिए लगाई जाने वाली टेबिलों एवं उन पर लगाए गए कार्मिकों के संबंध में भी विस्तृत दिशा निर्देश दिए। मौके पर डीएम जीएस प्रियदर्शी, एसएसपी अनंतदेव तिवारी, एडीएम सुनील सिंह, सचिव मंडी समिति आदि रहे।
रेहड़ी वाले के प्रवेश पर लगाई रोक
टेबिल व्यवस्था की जाए कि एक टेबिल पर 15 से अधिक पार्टियां चुनाव सामग्री के लिए लगाई जाएं। कहा कि पोलिंग पार्टियों के साथ ही बसों में होमगार्ड के जवान भी साथ जाएंगे। यह भी निर्देश दिए कि होमगार्ड के जवान इधर-उधर न घूमें और अपनी पोलिंग पार्टी के साथ ही रहे और चुनाव सामग्री प्राप्त करने के बाद नियत वाहन में बैठकर अपने गंतव्य को पहुंचे। उन्होंने निर्देश दिए कि 25 एवं 26 नवंबर में मंडी परिसर में खोमचे एवं रेहड़ी वाले प्रवेश नहीं करेेंगे। मतदान के पश्चात वापसी में पोलिंग पार्टियों को कहां तक छोड़ेगी, इसे भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही बैलेट पेपर एकाउंट बनाए जाने के लिए मास्टर ट्रेनर की व्यवस्था रखे जाने को कहा।