हाईवे पर कई वाहन आपस में टकराए
बुढ़ाना (मुजफ्फरनगर)। घने कोहरे के कारण प्रात:काल हाईवे पर बायवाला क्रासिंग के पास अगले वाहनों के अचानक रुकने के कारण कई वाहन आपस में टकरा गए। फुगाना गांव के पास गन्नों से भरी ट्रैक्टर ट्राली में टक्कर लगने से कार सवार दो व्यक्ति घायल हो गए।
मंगलवार को कस्बा तथा देहात क्षेत्र पूरी तरह कोहरे की चपेट में रहा। शाम पांच बजे कोहरे की अधिकता के कारण वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। शाम सात बजे के बाद कोहरे ने पूरे क्षेत्र को अपने आगोश में ले लिया। हाईवे पर वाहन कतारों में धीरे-धीरे रेंगते रहे। बुधवार सुबह मेरठ-करनाल हाईवे पर मेरठ से शामली की ओर जा रहे वाहनों की कतार अगले वाहन के चौराहे पर रुकने के कारण कई वाहन आपस में भिड़ गए। वाहनों की गति धीमी होने के कारण किसी भी वाहन चालक को गंभीर चोट नहीं लगी। हाईवे पर लोई व फुगाना के बीच करनाल के व्यापारी अजीत की कार गलत दिशा में आ रही गन्ने से भरी ट्रैक्टर ट्राली से टकरा गई। इस घटना में व्यापारी अजीत व उसका चालक विकास घायल हो गया।