खतौली (मुजफ्फरनगर)। बड़ा बाजार स्थित पीसनोपाड़ा जैन मंदिर के प्रवचन हाल में भारतीय जैन मिलन क्षेत्र संख्या चार ने अपना क्षेत्रीय युवा सम्मेलन आयोजित किया। शुभारंभ मंगला चरण व महावीर प्रार्थना के पाठ से किया गया।
डॉ. ज्योति जैन, मनोज जैन, महेंद्र जैन, वाईके जैन, वीरेंद्र जैन सहित राष्ट्रीय व क्षेत्रीय पदाधिकारियों ने युवा शक्ति को जाग्रत करते हुए कहा कि युवा शक्ति हमारे वर्तमान और भविष्य की ऊर्जामयी संपत्ति है। हमें अपनी युवा पीढ़ी को प्रेरणा देते हुए शिक्षा के प्रति जागरूक करना है। किसी भी समाज के शिक्षित युवा ही समाज को नई ऊंचाइयों की ओर ले जाकर विकास को नई दिशा देते हैं। युवा पीढ़ी को धार्मिक व सामाजिक रुप में नैतिक रुप से संस्कारित करना है। युवा शक्ति को सामाजिक व धार्मिक क्षेत्र के संगठन के माध्यम से सहभागिता बढ़ानी है। हमें युवा शक्ति को रोजगार के प्रति प्रेरित करते हुए राजकीय व प्रशासनिक क्षेत्र में प्रतियोगी परीक्षाओं में कठिन परिश्रम के लिए जाग्रत करना है। व्यापारिक व औद्योगिक क्षेत्र में समाज की पहचान बनानी है। साधु सेवा के प्रति समर्पित होकर धर्म जागरण करना है।
अध्यक्षता वीर महेंद्र जैन ने और संचालन संयुक्त रुप से डॉ. ज्योति व सुनील जैन ठेकेदार ने किया। सम्मेलन का समापन मिलन गीत व अरिहंत स्तुति से हुआ। मौके पर पतेंद्र जैन, अजय प्रवक्ता, योगेंद्र पेंट, विनोद, अतुल, विनीत, पारस, अशोक शास्त्री, मोहित, नमन, आनंद, अचल, सुदेश सर्राफ, सौरभ, ऋषभ, पलक, अहिंसा, तरुषी, सिद्धार्थ, रजनी प्रवक्ता, प्रियंका प्रवक्ता, संजय, विवेक प्रवक्ता, विपुल, नीरज जैन प्रवक्ता आदि रहे।