टेंपो पेड़ से टकराया, महिलाओं समेत 12 घायल
खतौली। गांव चलसीना में फुलत मार्ग पर एक टेंपो अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराया। हादसे में महिलाओं और बच्चों समेत 12 सवारी घायल हो गई। तीन को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
गांव अंबरपुर से शुक्रवार को टेंपो में 14 सवारियां बैठकर खतौली आ रही था। चलसीना फुलत मार्ग पर कूड़ी पर पहिये फिसलने से अनियंत्रित होकर टेंपू सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया और पलट गया। हादसे के बाद सवारियों की चीख निकल गई। इस दौरान वहां से गुजर रहे लोगों ने सभी सवारियों को बामुश्किल बाहर निकाला। टक्कर लगने से गांव अंबरपुर निवासी जितेंद्र, शारदा, कांशीराम, सोनी, मीनाक्षी, हिमानी व मुजफ्फरनगर के रामलीला टीला निवासी जतिन, अनीता, मेघा, अजीत समेत 12 सवारी घायल हो गए थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां पर चिकित्सकों ने गंभीर रुप से घायल जितेंद्र, शारदा व कांशीराम को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।