गंगा में डूबे युवक के शव को निकाला
मोरना। शुक्रताल में गंगा स्नान करने आए युवक के शव को गोताखोरों की मदद से ढूंढ निकाला गया। परिजनों की कानूनी कार्रवाई से इंकार करने पर पुलिस ने शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। परिजनों ने गांव के श्मशान घाट पर उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
शुक्रताल गंगा घाट पर सोमवार की शाम को मंसुरपुर थाने के गांव बोपाडा निवासी 25 वर्षीय रविंद्र पुत्र बेगराज गंगा में स्नान करने लगा। पानी का अत्यधिक बहाव होने के कारण वह पानी के अंदर समा गया। युवक के डूबने की सूचना मिलने पर चौकी इंचार्ज बालेंद्र सिंह ने मौके पर जाकर घाट पर लोगों से घटना की जानकारी ली तथा रविंद्र के परिजनों को सूचना देकर मामले से अवगत कराया। परिजनों और गोताखोरों की घंटों की मेहनत के बाद शव को घाट के थोड़ा आगे से ढूंढ निकाला। शव को देखकर बिलखते परिजनों ने पुलिस से कानूनी कार्रवाई नहीं किए जाने की गुहार लगाई। पुलिस ने मामले से आला अधिकारियों को अवगत करा कर शव का पंचनामा भर परिजनों को सौंप दिया। गांव में शव के पहुंचते ही कोहराम मच गया। गमगीन माहौल में गांव के श्मशान घाट में उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।