मंसूरपुर(मुजफ्फरनगर)। मंसूरपुर में रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज का निर्माण कराया जाना है। जिसको लेकर रेलवे विभाग ने ग्रामीणों को नोटिस देकर चेताया था कि निर्माण के दौरान फाटक के दोनों ओर दीवार कर रास्ता बंद कर दिया जाएगा। एसडीएम और इंजीनियरों के बीच हुई बैठक में ग्रामीणों ने रास्ता बंद करने का विरोध जताया। ग्रामीणों का कहना था कि वे किसी भी सूरत में रास्ता बंद नहीं करने देंगे।
मंसूरपुर रेलवे स्टेशन के पास ओवरब्रिज का निर्माण का कार्य चल रहा है। अब रेलवे फाटक पर पुल बनना है। पुल निर्माण के लिए रेलवे विभाग ने फाटक पर दोनों ओर चहारदीवारी कराने को डीएम को पत्र भेजा था। डीएम ने एसडीएम को ग्रामीणों की बैठक लेकर बातचीत करने के आदेश दिए थे। शुक्रवार शाम को थाने में एसडीएम कन्हई सिंह ने सेतु निगम के इंजीनियर गजराज सिंह व रेलवे विभाग के इंजीनियर प्रवीण कुमार को साथ ग्रामीणों की बैठक ली। बैठक में ग्रामीणों ने फाटक के दोनों ओर दीवार करने के लिए स्पष्ट मना कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि दीवार करने से उनके आने जाने का रास्ता बंद हो जाएगा। अगर पुल निर्माण करना है तो इसके लिए पहले वैकल्पिक रास्ता बनाकर दिया जाए। इंजीनियरों ने इसके लिए अधिकारियों से बातचीत करने का आश्वासन दिया है। बैठक में शुगर मिल के गन्ना प्रबंधक ओमप्रकाश, प्रधान शोकेंद्र राठी, प्रधान सुबोध, पूर्व जिला पंचायत सदस्य नरेंद्र त्यागी, इंद्र भगत जी, संजीव राठी, नेपाल सिंह, टिंकू राठी आदि ग्रामीण मौजूद रहे।