एमआई का विरोध करने वालों पर कसेगा शिकंजा
मुजफ्फरनगर। चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के बैनरतले मिशन इंद्रधनुष (एमआई) के चौथे चरण का आगाज किया गया। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कहा कि एमआई टीके का विरोध करने वालों के खिलाफ सख्ती से निपटा जाएगा। यह बच्चों, गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए लगाए जा रहे हैं। जिले में करीब 20 हजार बच्चों को साढ़े तीन हजार गर्भवती महिलाओं को यह टीके लगाए जाएंगे।
मिशन इंद्रधनुष के टीकाकरण का शुभारंभ सीडीओ अंकित अग्रवाल ने किया। उन्होंने कहा कि कई बार शिकायत मिलती हैं कि टीके का विरोध हो रहा है। विरोध करने वाले लोगों की टीकाकरण टीम सूची बनाए। उसके बाद उन लोगों के खिलाफ कार्रवाई होगी। मिशन इंद्रधनुष के टीके सात बीमारियों से बचाव के लिए हैं, जो जन्म से लेकर दो वर्ष तक के बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं को लगाए जा रहे हैं। अभियान 12 से 22 जून तक अनेक क्षेत्रों में चलेगा। इसके लिए दर्जनभ से अधिक टीमें लगाई गई हैं। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ एसके अग्रवाल ने बताया कि टीकाकरण हाईरिस्क समूह ईट भट्ठा, निर्माणाधीन क्षेत्र, जहां टीकाकरण आच्छादन कम है आदि ऐसे स्थानों पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है, ताकि कोई बच्चा छूट न सके। अभियान के तहत शून्य से एक वर्ष तक के 7569, एक से दो वर्ष तक के 6535, पांच से छह वर्ष तक के 5800 बच्चों तथा 3507 गर्भवती महिलाओं को टीका लगाए जाने का जनपद में लक्ष्य है। कार्यक्रम में यूनिसेफ के डीयूसी शाहबाज खान, डीएमसी फिरोज खान, यूएनडीपी के मनोज पांडेय, शानेहैैदर आदि मौजूद रहे।