मुजफ्फरनगर। चौथे चरण का चुनाव प्रचार मंगलवार की शाम समाप्त हो गया। जिला प्रशासन ने चुनाव के लिए सभी तैयारियों पूरी कर ली हैं। चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए 77 मजिस्ट्रेट और 175 मोबाइल कलस्टर तैनात रहेंगे। 167 स्थानों की वीडियो रिकार्डिंग कराई जाएगी। बूथों पर पैरामिलिट्री फोर्स तैनात रहेगी।
विकास भवन में सुपर जोनल मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट, सब जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट की बैठक में डीएम निखिलचंद्र शुक्ला ने कहा कि अंतिम चरण के चुनाव में संवेदनशील बूथों पर पैरा मिलिट्री फोर्स तैनात रहेगी।
उन्होंने कहा पंचायत चुनाव के चौथे चरण को जिले में शांतिपूर्वक हो, इसके लिए 77 मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं। 175 मोबाइल कलस्टर तैनात रहेगी।
उन्होंने बताया कि बूथों के साथ संवेदनशील स्थानों की भी वीडियो रिकार्डिंग होगी। उन्होंने कहा जिला प्रशासन का यह प्रयास है कि सभी मतदाता निर्भीक होकर वोट डालें। उन्होंने कहा क्षेत्र में यदि किसी व्यक्ति को कोई भी व्यक्ति वोट डालने के लिए परेशान करता है तो इस संबंध में क्षेत्र में तैनात मजिस्ट्रेट को वोटर शिकायत करें।
एसएसपी केबी सिंह ने कहा कि सभी अधिकारी अपनी लॉगबुक बनाएंगे। मतदान के दिन कहां गए, भ्रमण का समय भी उसमें नोट करेंगे।
औचक निरीक्षण में कोई गड़बड़ी मिली तो कठोर कार्रवाई की जाएगी। मजिस्ट्रेट अधिक से अधिक मूवमेंट करें। एसएसपी ने कहा कि ड्यूटी पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में एडीएम प्रशासन मनोज सिंह, एडीएम वित्त सुुनील सिंह, एसपी क्राइम राकेश जौली, एसपी सिटी प्रदीप कुमार, एसपी देहात आलोक प्रियदर्शी सहित समस्त अधिकारी मौजूद रहे।