पीलिया से पीड़ित युवक ने दम तोड़ा
चरथावल। पीलिया का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक हफ्ते से पीलिया की चपेट में आकर मौत और जिंदगी से जूझ रहे कस्बे के युवक ने दम तोड़ दिया। चरथावल में कई लोग पीलिया के कारण दम तोड़ चुके हैं।
मोहल्ला कानूनगोयान निवासी बसपा नेता देशराज के पुत्र प्रशांत (35) को पीलिया हुआ था। परिजनों ने जिला मुख्यालय पर प्राइवेट चिकित्सालय में भर्ती कराया। नाजुक हालत में उसे पीजीआई चंडीगढ़ भर्ती कराया। वहां के चिकित्सकों ने लीवर खराब होने के कारण उसे जवाब दे दिया। उसके बाद परिजन मेरठ के निजी नर्सिंगहोम में ले गए। आखिरकार बृहस्पतिवार को वह जिंदगी से हार गया। शाम को गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार किया गया। उधर, कई दिनों से कानूनगोयान निवासी पीलिया से पीड़ित संदीप त्यागी की पत्नी भी दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में उपचाराधीन है। डॉ. तपनराय भी पीलिया की मार झेल रहे है। मौहल्ला हलवाईयान निवासी राधेश्याम त्यागी एक हफ्ते से रोजाना बीमारी के कारण ड्रिप लगवानी पड़ रही है। भाजपा नेता मनीष गर्ग ने बताया कि इस मोहल्ले में पीलिया की व्यापक रोकथाम के लिए दो दिन पूर्व सीएमओ को अवगत कराया था। हालांकि अभी तक स्वास्थ्य विभाग ने चैन की नींद सोया हुआ है।