तमंचे बनाने की फैक्टरी पकड़ी, एक आरोपी दबोचा
मुजफ्फरनगर। तितावी पुलिस ने जसोई रोड पर ईख के खेत में चल रही अवैध हथियार बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए एक आरोपी को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने मौके से काफी संख्या में बने और अधबने तमंचों के अलावा सामान तथा उपकरण बरामद किए है।
पुलिस लाइन में एसएसपी सुधीर कुमार सिंह और एसपी देहात आलोक शर्मा ने इसकी जानकारी पत्रकारों को दी। बताया कि तितावी पुलिस ने एक सूचना के आधार पर जसोई रोड पर एक ईख के खेत में छापा मार कर तमंचे बनाने की फैक्टरी पकड़ी। पुलिस ने अफजाल पुत्र खचेडू निवासी ग्राम जौला को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया, जबकि उसका साथी मारुफ पुत्र तौसीन निवासी जौला मौके से फरार होने में कामयाब हो गया। पुलिस ने मौके से छह तमंचे, कारतूस तथा करीब एक सौ तमंचे बनाने का सामान बरामद किया। गुड वर्क करने वाली टीम में थानाध्यक्ष क्षितिज कुमार, उप निरीक्षक ललित कुमार, उप निरीक्षक नवीन कुमार, कांस्टेबल फलक सिंह, सचिन कुमार, अंकित कुमार, विकास कुमार तथा कृष्ण पाल सिंह शामिल रहे। एसएसपी ने पुलिस टीम को दस हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि चुनाव के दौरान पुलिस अभी तक तमंचे बनाने की छह फैक्टरी पकड़ चुकी है।