गन्नों से लदी ट्रैक्टर-ट्राली से फंसने से भायला फाटक पर लगा जाम
देवबंद (सहारनपुर)। गन्नों से लदी ट्रैक्टर-ट्राली के फंसने से शुक्रवार को भायला रेलवे फाटक पर करीब एक घंटा जाम लगा रहा। इस कारण चौराहों पर वाहनों की लंबी कतारें लगने से लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी।
शुगर मिल में चारों तरफ से बोगियों और ट्रैक्टरट्रालियों के द्वारा गन्ने की ढुलाई जारी है। आएं दिन ट्रैक्टर-ट्राली चलने से मार्ग पर जाम की समस्या बनी रहती है। शुक्रवार को भी बाह्य क्रय केंद्र से गन्ने लेकर आ रही ट्रैक्टर-ट्राली फाटक के समीप फंस गई, जिससे वहां जाम लग गया। पुलिस ने बमुश्किल वाहनों को पास कराकर मार्ग सुचारु कराया। बता दें कि रेलवे फाटक पर ट्रेनों के आवागमन के चलते बार-बार फाटक को बंद कर दिए जाने के कारण जाम लग जाता है। जाम की यही स्थिति सिर्फ रेलवे फाटकों पर ही नहीं बल्कि सहारनपुर-मुजफ्फरनगर हाईवे और चौक-चौराहों पर भी देखने को मिलती है। स्कूलों की छुट्टी के वक्त तो जाम लगने से बच्चे भी जाम में फंस जाते हैं। लेकिन प्रशासन इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकाल पाया है।