मीरापुर। श्री हरि संकीर्तन मंडल के बैनर तले 17 मार्च की शाम सात बजे रंग भरी एकादशी के अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। मंडल अध्यक्ष घनश्यामदास अग्रवाल के आवास पर आयोजित मीटिंग में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया है। इस अवसर पर भक्तजन फूलों, रंग, गुलाल आदि से होली खेलेंगे। मीटिंग में मोहित लखोटिया, वासुदेव शर्मा, नीरज शारदा, नरेश रस्तौगी, विनोद राजवंशी, चन्द्रपाल भटनागर आदि उपस्थित रहे।
गंदगी से मीरापुर के निवासी परेशान
मीरापुर। दिल्ली-पौड़ी राजमार्ग पर मीरापुर थाने के चौराहे के निकट नगर पंचायत द्वारा कस्बे का मलबा डाले जाने से महामारी फैलने की आशंका बनी है। कस्बे वासियों ने डीएम से हाईवे तथा बस्ती के किनारे पड़े अपशिष्ट मलबे को उठवाने की मांग की है। नगर पंचायत क्षेत्र से सफाई कर्मचारियों द्वारा प्रतिदिन अपशिष्ट कूड़ा करकट उठाया जाता है। नगर पंचायत द्वारा कूड़ा डालने के लिये पर्याप्त जगह नहीं है। काफी समय से हाईवे व बस्ती के किनारे कूडे़ के अंबार लगे हैं। प्रात:काल घूमने जाने वाले नागरिकों के लिये भी यही कूड़े के अंबार जी का जंजाल बने हैं। इस संबंध में प्रशासनिक अधिकारियों व चेयरमैन नगर पंचायत से कई बार कूड़ा उठाने की मांग की गई, लेकिन किसी ने कुछ नहीं किया। क्षेत्रवासियों ने डीएम से इस ओर ध्यान देने की मांग की है।