एक सप्ताह में 138 सड़कों का हुआ शिलान्यास
मुजफ्फरनगर। भाजपा लोकसभा चुनाव के लिए कोई भी कसर बाकी नहीं छोड़ना चाहती है। जिले के इतिहास में पहली बार एक सप्ताह में 42 करोड़ से बनने वाली 138 सड़कों का शिलान्यास हुआ है। सांसद डॉ संजीव बालियान ने 17 करोड़ की सड़कें लोक निर्माण विभाग से स्वीकृत कराई और 25 करोड़ की सड़कें मुख्यमंत्री के निधि से ली है। मार्च माह के अंत तक सभी सड़कों का काम पूरा करने का टारगेट रखा गया है।
लोकसभा चुनाव से पहले सांसद डॉ संजीव बालियान ने सड़क निर्माण में बड़ा मास्टर स्ट्रोक मारा है। पांच दिन पहले उन्होंने जिला पंचायत के सभागार में 17 करोड़ से बनने वाली 89 सड़कों का एक साथ शिलान्यास किया था। यह पैसा उन्होंने उपमुख्यमंत्री केशवप्रसाद मौर्य के लोक निर्माण विभाग से स्वीकृत कराया है। इसी के साथ उन्होंने अपनी पांचों विधानसभा क्षेत्रों के लिए मुख्यमंत्री से पांच-पांच करोड़ स्वीकृत कराया है। यह 25 करोड़ रुपये भी आ गया है और इसके टेंडर भी निकाल दिए गए हैं। बीते तीन दिनों से सांसद 25 करोड़ से बनने वाली 49 सड़कों का शिलान्यास कर रहे हैं। इस योजना में बड़े गांवों को जोड़ने वाली सड़कों को लिया गया है। एक सप्ताह में 42 करोड़ की सड़कों का शुभारंभ जिले के इतिहास में पहली बार हुआ है। यह पैसा सांसद निधि के अतिरिक्त है। 25 करोड़ में जो सड़के स्वीकृत कराई गई हैं, इनमें बुढ़ाना विधानसभा क्षेत्र में सात मुख्य मार्ग है। चरथावल विधानसभा क्षेत्र में दस, सरधना में नौ, मुजफ्फरनगर में 11 सड़कें और खतौली में सात सड़क हैं। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में इन सड़कों की लंबाई लगभग दस से 11 किमी है। सांसद डॉ बालियान का कहना है कि भाजपा सरकार में विकास को पहली प्राथमिकता है, लोग खुद मान रहे हैं कि इतने काम इससे पहले किसी सरकार में नहीं हुए।