कक्ष में पेपर, बरामदे में पोस्टर पर उत्तर
मुजफ्फरनगर। चौधरी छोटूराम इंटर कॉलेज में जिस कक्ष में छात्र परीक्षा दे रहे हैं, उसी के बाहर बरामदे में लगे पोस्टर पर प्रश्नों के उत्तर लिखे हैं। परीक्षा के दौरान पानी पीने के बहाने छात्रों ने चार प्रश्नों के उत्तर पोस्टर पर देखकर ही दे दिए। शिकायत पहुंची तो डिप्टी कलेक्टर कुमार भूपेंद्र जांच के लिए पहुंचे।
बोर्ड परीक्षा के दौरान सभी इंटर कॉलेजों में आवश्यक सावधानियां बरती जाती है। श्यामपट्ट को साफ करा दिया जाता है, कॉलेज में लगे पोस्टर, बैनर उतरवा दिए जाते हैं। छोटूराम इंटर कॉलेज में दसवीं के कृषि पशुपालन तथा पशु चिकित्सा विज्ञान का जो पेपर आया, उसके चार प्रश्नों के उत्तर कॉलेज के बरामदों में लगे पोस्टर पर लिखे हैं। छात्रों ने पानी पीने के बहाने पोस्टर पर उत्तर पढ़ा और प्रश्न हल कर दिया। इसी तरह अन्य कुछ पेपर के उत्तर भी पोस्टर पर लिखे पाए गए। छात्रों की शिकायत पर एडीएम प्रशासन अमित सिंह के सामने मामला पहुुंचा, तो उन्होंने डिप्टी कलेक्टर कुमार भूपेंद्र को जांच के लिए भेजा। उन्होंने मौके पर जाकर सभी चीजों को देखा और अपनी रिपोर्ट एडीएम को दी। एडीएम अमित सिंह ने बताया कि प्रश्नपत्र और पोस्टर पर लिखे निबंध का मिलान कराया जा रहा है। यदि दोनों आपस में मिलते हैं तो कार्रवाई होगी।