मुजफ्फरनगर। कई दिनों से चल रही ठंडी हवा का सितम लगातार जारी है। सुबह-शाम की शीतलहर जनजीवन पर असर डाल रही है। कई दिनों से न्यूनतम तापमान चार से पांच डिग्री के बीच बना हुआ है। बुधवार को दो दिन बाद स्कूल खुले तो छात्र-छात्राओं को ठिठुरते हुए जाना पड़ा।
कई दिनों से पड़ रही सर्दी कम होने का नाम नहीं ले रही है। सुबह और शाम की सर्द हवा लोगों को परेशान कर रही है। हवा के कारण कोहरा तो नहीं आ रहा, लेकिन गलन भरी सर्दी से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। बीते कई दिनों से न्यूनतम पारा चार से पांच और अधिकतम 19 से 20 डिग्री के आसपास ठहरा हुआ है। बुधवार को न्यूनतम तापमान 4.8 तथा अधिकतम 20 डिग्री रिकार्ड किया गया। दो दिन के अवकाश के बाद स्कूल खुले तो छात्र-छात्राएं सुबह ठिठुरते हुए पहुंचे। दोपहर में धूप ने थोड़ी राहत दी, लेकिन शाम होते ही ठंड का सितम फिर शुरू हो गया। शीतलहर के कारण लोग जल्दी ही अपने घरों में पहुंच गए। बाजार में भी आठ बजे के बाद सन्नाटा पसर गया।
बीते पांच दिनों का तापमान डिग्री सेल्सियस में
तिथि न्यूनतम अधिकतम
नौ जनवरी 4.8 20.0
आठ जनवरी 5.2 19.8
सात जनवरी 4.6 20.7
छह जनवरी 8.8 18.8
पांच जनवरी 4.4 16.2