सीडीओ ने धंधेड़ा में जानी पोषण मिशन की हकीकत
मुजफ्फरनगर। सीडीओ अर्चना वर्मा ने गांव धंधेड़ा में पहुंचकर पोषण मिशन की स्थिति को परखा। महिलाओं की गोद भराई की रस्म कराई गई एवं बच्चों को खिलौना वितरित किया गया।
राष्ट्रीय पोषण माह के दौरान बाल विकास विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग, पंचायती राज विभाग एवं ग्राम्य विकास विभाग द्वारा विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। भ्रमण के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र पर मुख्य विकास अधिकारी का आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा पारंपरिक स्वागत किया गया। सीडीओ अर्चना वर्मा ने ऑपरेशन कायाकल्प के तहत जिला पंचायती राज विभाग द्वारा ग्राम धंधेड़ा में आंगनबाड़ी केंद्रों पर कराई गई विभिन्न प्रकार की सुंदर एवं मनमोहक चित्रकारी का अनावरण भी किया। भ्रमण के दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी आशा सिंह एवं प्रभारी बाल विकास परियोजना अधिकारी सदर प्रविता शर्मा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहीं। धंधेड़ा में समुदाय आधारित गतिविधि गोद भराई का आयोजन किया गया एवं सीडीओ द्वारा तीन महिलाओं की गोद भराई की गई। आंगनबाड़ी केंद्र एवं प्राथमिक विद्यालय के बच्चों को पोषण एवं स्वच्छता संबंधित शपथ भी दिलाई गई। हाथ धोने की गतिविधि का अभ्यास भी बच्चों को कराया गया। सीडीओ ने पौधरोपण भी किया।