श्रद्धा के साथ भक्त ले आए अखंड जोत
बुढ़ाना। रक्षाबंधन के पर्व पर परासौली गांव में आयोजित होने वाले विशाल मां भगवती जागरण के लिए अखंड जोत लाई गई। कुरालसी गांव के मां चिंतपूर्णी शाकंभरी देवी के मंदिर से पूूजापाठ के बाद विधि विधान से अखंड जोत परासौली में लाई गई। बैंडबाजों के साथ धूमधाम से लाई गई अखंड जोत में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी।
तहसील क्षेत्र के गांव परासौली में पिछलेे वर्षों की भांति इस वर्ष भी 17वें मां भगवती का जागरण होगा। रक्षाबंधन के पर्व पर आयोजित होने वाले मां भगवती के जागरण के लिए शनिवार को अखंड जोत लाई गई। नव युवक मंडल परासौली द्वारा आयोजित किए जाने वाले मां भगवती के जागरण के लिए लाई गई अखंड जोत में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। कार्यक्रम के आयोजकों ने बताया कि अखंड जोत आठ दिन के लिए नियमानुसार ग्रामीण आदेश कुुमार सैनी के आवास पर स्थापित की गई है। रक्षाबंधन के दिन अखंड जोत विधि विधान के साथ कल्याण कारी रामलीला मैदान परासौली में स्थापित की जाएगी। वहीं पर मां भगवती का जागरण होगा। राधेश्याम, सतेंद्र सैनी, संतराम, पंकज सैनी, अरविंद कुमार, जयवीर, सरदार सिंह, विनोद कुमार, रंजीत उर्फ गुड्डू सैनी तथा देवेंद्र सैनी आदि मौजूद रहे।