पलड़ी में जलभराव से ग्रामीण परेशान
शाहपुर। क्षेत्र के गांव पलड़ी में स्थित तालाब की जांच टीम द्वारा खुदाई व सफाई न होने से ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति रोष बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि तालाब की खुदाई न होने से बरसात होने के बाद तालाब का गंदा पानी उनके घर में घुस जाएगा। ग्रामीणों ने डीएम से तालाब की खुदाई कराने की मांग की है।
शाहपुर के गांव पलड़ी निवासी ग्रामीण कुलदीप प्रजापति, मोनू सैनी , मदनपाल सैनी, सुनील प्रजापति, धर्मेंद्र आदि ने बताया कि गांव में स्थित तालाब में गांव का गंदा पानी आकर गिरता है। साथ ही तालाब में कूड़ा करकट होने के साथ घास उग आई हैं। उक्त तालाब की पिछले कई वर्षों से सफाई ना होने से हल्की सी बरसात में तालाब का गंदा पानी उनके घरों में भर जाता है। उन्होंने इसकी शिकायत अधिकारियों से की, किंतु अधिकारियों ने उनकी कोई सुनवाई नहीं की, जिसके बाद उन्होंने प्रदेश सरकार के हेल्पलाइन नंबर 1076 पर कॉल कर इस समस्या से अवगत कराया। इसके बाद खंड विकास कार्यालय से जेई बृजेश कुमार के नेतृत्व में एक जांच टीम गांव में पहुंची और उन्होंने ग्रामीणों की समस्या सुनकर मौके का निरीक्षण किया तथा आश्वासन दिया कि शीघ्र ही तालाब की सफाई कराने के साथ खुदाई कराई जाएगी।