लंगूर के हमले में कई लोग घायल
भोपा। लंगूर ने आतंक मचाते हुए हमला कर कई लोगों को घायल कर दिया। लंगूर ने थाने में उत्पात मचाया। लंगूर को लोगों ने लाठी डंडों से खदेड़ा।
शनिवार को मुख्य मार्केट में लंगूर आ गया। लंगूर ने बाजार में घूम रहे बंदरों पर हमला बोला, तो सभी बंदर इधर उधर भागने लगे। इसके बाद थाने के पास बाजार में लंगूर ने लोगों पर हमला करना प्रारंभ कर दिया। थाने में आयोजित समाधान दिवस में वृद्ध व्यक्ति व महिला पर हमला कर उनको घायल कर दिया। लंगूर के हमले को लेकर कुछ व्यापारी अपनी दुकानों के आगे डंडा लेकर बैठ गए। इसके बाद भी उसने होटल पर काम कर रहे अर्जुन पर हमला कर उसे घायल कर दिया। पास के ही गांव यूसुफपुर में भी उसका आतंक रहा। हमले में गांव के बिट्टू सहित कई लोग घायल हो गए। व्यापारियों ने लाठी डंडो से लंगूर का पीछा करते हुए उसे जंगल में खदेड़ा।
गंगनहर में कूदने से रोका
भोपा। आत्महत्या के इरादे से गंगनहर में कूदने वाले कार सवार युवक को पुलिस ने बचाया। शामली के कस्बा ऊन निवासी एक युवक शनिवार दोपहर कार में सवार होकर भोपा गंगनहर पुल पर पहुंचा और पटरी पर कार खड़ी करके अपनी कार की चाबी पास में खड़े रेहड़ी वाले को थमाने लगा। रेहड़ी वाले ने उसका इरादा भांप लिया और उसे रोकने का प्रयास किया। पास में खड़ी यूपी 100 डायल पुलिस के चालक ओम कुमार व सत्येंद्र कुमार की नजर उस पर पड़ गई और दौड़ कर युवक को उस समय पकड़ लिया, जब वह पुल पर चढ़ चुका था। पुलिस कार समेत युवक को थाने ले गई। एसएसआई लेखराज सिंह ने बताया कि युवक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। घरेलू कलह के चलते युवक भोपा पहुंचा था।