बीएसएनएल के फोन व इंटरनेट सेवा ठप
जानसठ। कस्बे में पिछले दो दिनों से बीएसएनएल सेवा ठप होने से जन सूचना केंद्र तथा सरकारी ऑफिसों के फोन शोपीस बने हुए हैं। वहीं, छात्र छात्राओं के जाति, मूल निवास व नौकरी आदि फार्म नहीं भरे जाने को लेकर उनमें रोष व्याप्त है।
पिछले दो दिनों से बीएसएनएल सेवा ठप होने से जन सूचना केंद्र शोपीस बनकर रह गए हैं। वहीं, इन केंद्रों पर छात्र-छात्राओं द्वारा कॉलेजों में प्रवेश लेने के लिए जाति, आय, व मूल निवास प्रमाण पत्र तथा प्रमाण पत्रों के साथ साथ छात्रों द्वारा विभिन्न नौकरियों के लिए किए जाने वाले आवेदन भी नहीं होने से छात्र छात्राओं में रोष व्याप्त है। बीएसएनएल उपभोक्ता नेत्रपाल कश्यप, अश्वनी चौधरी, निशांत कांबोज, अंकित शर्मा, जावेद हुमायूं आदि ने बताया कि मंगलवार तक बीएसएनएल ने अपनी कार्यप्रणाली में सुधार कर फोन व इंटरनेट सेवा शुरू नहीं की तो सभी बीएसएनएल उपभोक्ता अपने फोन कटवा कर दूसरी कंपनी के कनेक्शन करा लेंगे।