हादसों को न्योता देती क्षतिग्रस्त पुलिया
चरथावल (मुजफ्फरनगर)।
चरथावल-कुटेसरा मार्ग पर दहचंद नाले पर बनी क्षतिग्रस्त पुलिया घुमावदार होने के कारण राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। इस मार्ग पर आए दिन हादसे हो रहे हैं। शुक्रवार रात में हुए हादसे में उत्तराखंड के युवक की हालत नाजुक होने के कारण मेरठ रेफर किया गया। ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग से पुलिया निर्माण कराने की मांग की है।
कुटेसरा ब्लॉक की सबसे अधिक आबादी का गांव है। यहां से रोजाना सैकड़ों लोग कसबे में खरीदारी के अलावा जरूरी कार्यों के लिए आते हैं। कस्बे में नहर से चौकड़ा पुल के पार करने के बाद विभाग ने गांव का संपर्क मार्ग बनवाया था, लेकिन इसी मार्ग पर दहचंद नाले पर बनी पुलिया बेहद घुमावदार है। फिलहाल पुलिया की दोनों साइडें वाहनों के टकराने से क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं, जिससे इस मार्ग पर गुजरने वाले दुपहिया एवं चौपहिया वाहन चालकों को हादसे का शिकार होना पड़ता है। दरअसल, इस पुलिया पर इतना घुमाव है कि चालक धीमी गति में होने के बावजूद वाहन पर नियंत्रण नहीं कर पाता, जिससे दर्जनों घटनाएं घटित हो चुकी हैं। शुक्रवार में रुड़की के कलियर निवासी सद्दाम बाइक से पुलिया में टकराकर नाले में गिर गया, जिससे गंभीर हालत में रेफर किया गया। वहीं, कुटेसरा के दो युवक बाइक से टकरा कर घायल हो गए। असलम त्यागी, सुधीर त्यागी, याकूब अली, सपा नेता सलीम त्यागी ने लोक निर्माण विभाग से इस मार्ग पर घुमावदार संकेत के बोर्ड लगवाकर निर्माण कराने की मांग की है।