मुजफ्फरनगर। भागवत पीठ श्रीशुकदेव आश्रम शुक्रताल के पीठाधीश्वर स्वामी ओमानंद सरस्वती ने कहा कि विद्यार्थी शिक्षा के साथ जीवन में नैतिक मूल्यों का महत्व समझें। युवा पीढ़ी सुशिक्षित और संस्कारित बनेगी, तभी समाज और राष्ट्र का कल्याण संभव है।
विश्वकर्मा धीमान सेवा संघ द्वारा रुड़की रोड स्थित एक बैंक्वेट हॉल में रविवार को आयोजित अलंकरण समारोह में समाज के मेधावी और प्रतिभावान बच्चों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि स्वामी ओमानंद सरस्वती ने कहा कि शिक्षा जीवन में परिवर्तन लाती है। परिवार, समाज और भारत की उन्नति के लिए बेटे एवं बेटियों को उच्च शिक्षित बनाएं। सृष्टि निर्माता भगवान विश्वकर्मा पूरे विश्व के आराध्य हैं। तकनीकी ज्ञान के आदि प्रवर्तक की महिमा वेदों में निहित है। जेम्स वॉट, एडिसन, अल्फ्रेड नोबेल, अब्राहम लिंकन जैसे व्यक्तित्व विश्वकर्मा समाज में जन्मे हैं। विद्यार्थी ऐसे महान वैज्ञानिकों, राजनीतिज्ञों और महापुरुषों से प्रेरणा लें, सद्गुणों को जीवन में धारण करें। स्वामी ने कहा कि शिक्षा के साथ अनुशासन, ईमानदारी, देशभक्ति, संयम, स्वच्छता और परिश्रम जैसे नैतिक मूल्य भी जीवन में अपनाएं। शिक्षा ऋषि वीतराग स्वामी कल्याणदेव जी महाराज ने ग्रामोत्थान के लिए गांव, गरीब के घर तक शिक्षा की ज्योति जलाई। विशिष्ट अतिथि श्रम प्रवर्तन अधिकारी नीरज मोहन ने कहा कि लगन और समर्पण से लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। आचार्य गुरुदत्त आर्य ने कहा कि आचरण की पवित्रता विद्यार्थी के जीवन को उज्ज्वल बनाती है। शिक्षाविद रविदत्त धीमान ने कहा कि बुराइयों के खिलाफ युवाओं को संगठित होकर संघर्ष करना चाहिए। विहिप के पूर्व जिलाध्यक्ष राधेश्याम विश्वकर्मा ने कहा कि बच्चे आईआईटी, मेडिकल के अलावा पीसीएस और आईएएस की परीक्षाओं को लक्ष्य बनाएं। समारोह में हाईस्कूल वर्ग से अमन सिंह, दैविक मोहन, अखिल तथा इंटरमीडिएट वर्ग में ऋषभ कुमार, शिवानी धीमान और काजल आदि मेधावियों को स्वामी ओमानंद सरस्वती ने सम्मानित कर आशीर्वाद दिया। राजकीय इंटर कॉलेज के प्राचार्य रमेशचंद ने टॉपर बच्चों को अंग्रेजी की डिक्सनरी भेंट की। व्योवृद्ध वास्तुविद् ज्ञानचंद का अमूल्य सेवाओं के लिए अभिनंदन किया गया। शांताप्रकाश आर्य, कालूराम धीमान, सरदार सुलक्खन सिंह नामधारी, बिजेंद्र धीमान, सरदार बलविंद्र सिंह, सेवाराम धीमान, मास्टर महेंद्र दत्त, नरेद्र श्रंगी, तेलूराम धीमान आदि ने विचार रखे। अध्यक्षता निर्मल सिंह धीमान एवं संचालन नरेश विश्वकर्मा ने किया।
141 विद्यार्थियों का हुआ अलंकरण
मुजफ्फरनगर। वर्ष 2017 की यूपी बोर्ड एवं सीबीएसई की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण जिले भर के 141 छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र, उपहार और पुस्तकें भेंट की गई। पुरस्कृत बच्चों में इंटर के आरती धीमान, हक्कम सिंह, ज्योति, मानसी, शुभम, हर्षित, रश्मि, लक्ष्य, उज्ज्वल, स्वाति, मोनिका धीमान, प्राची, शिवांक, हर्ष, आशुतोष पांचाल शामिल रहे। हाईस्कूल वर्ग में शशांक, जतिन, पीयूष, प्राची, नेहा, अनिशा, अविदेव, मानसी, अंकुर, विकुल, तेजस्वी, गीतांजलि, वासु, गगन, राहुल विश्वकर्मा आदि को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सेवाराम धीमान, सतीश आनंद, जगदीश पांचाल, बाबूराम पांचाल, ओमप्रकाश धीमान, भीष्म धीमान, जनार्दन विश्वकर्मा, मुकेश धीमान, शुभम, दलजीत, आशीष, अमित आदि का सहयोग रहा।