दिल्ली-टपरी वाया मेरठ मंडल की रेलवे लाइन पर सात नवंबर से इंटरसिटी एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों के पहिए थम जाएंगे। नॉर्थन रेलवे द्वारा इस रेलवे लाइन पर मुजफ्फरनगर के रोहाना कलां, देवबंद तथा खतौली-मंसूरपुर के बीच कार्य किया जाएगा। जिसके चलते दिल्ली-अंबाला इंटर सिटी एक्सप्रेस, कालका, अंबाला पैसेंजर ट्रेनों को रद्द किया गया है। जबकि देहरादून-बांद्रा एक्सप्रेस को वाया मुरादाबाद एक घंटा रोक कर चलाया जाएगा।
दिल्ली डिवीजन की रेलवे लाइन पर मेरठ से टपरी तक ट्रैक का दोहरीकरण किया जा रहा है। मेरठ कैंट से दौराला तक डबल ट्रैक के इंटरलॉकिंग-नॉन इंटरलॉकिंग का कार्य पूर्ण किया जा चुका है। जबकि उसके आगे कार्य युद्धस्तर पर चालू है। उत्तर रेलवे द्वारा गाजियाबाद-मेरठ, सहारनपुर सेक्शन पर कार्य चल रहा है। इसके लिए उत्तर रेलवे ने दिल्ली से सहारनपुर, अंबाला तक जाने और आने वाली ट्रेनों को रद्द किया है।
उत्तर रेलवे द्वारा रोहाना कलां, देवबंद के बीच समपार (पैदल पार पथ) की संख्या 63 और 66, खतौली-मंसूरपुर के बीच पैदल पार पथ संख्या 47, मंसूरपुर-जड़ौदा की संख्या 49 पर पुल निर्माण के साथ रेलवे लाइन पर कार्य किया जाना है। इसके लिए सात नवंबर से 14 नवंबर तक ट्रैक ब्लॉक रहेगा।
जिसके चलते गाड़ी संख्या 14522, 21 इंटरसिटी अंबाला-दिल्ली जक्शन, दिल्ली जक्शन से सहारनपुर ईएमयू (64559) पैसेंजर, अंबाला-दिल्ली जक्शन मेमू (64562), दिल्ली-अंबाला पैसेंजर (64561), ऋषिकेश-दिल्ली पैसेंजर (54472), कालका-दिल्ली पैसेंजर (54304) आंशिक रुप से रद्द रहेंगी। जबकि देहरादून-बांद्रा एक्सप्रेस (19020) को सात नवंबर से वाया मुरादाबाद डिविजन से निकाला जाएगा। यह ट्रेन यहां पर एक घंटा रोक कर चलाई जाएगी। स्टेशन अधीक्षक विपिन त्यागी ने बताया कि रेलवे लाइन पर कुछ कार्य होना है, इसके लिए पैंसेजर, एक्सप्रेस ट्रेनों के रद्द होने की सूचना है।
48 गाड़ियों यह सबसे महत्वपूर्ण ट्रेन
रद्द होने वाली सभी ट्रेनें महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि सबसे अधिक यात्री इन्हीं ट्रेनों से मेरठ, दिल्ली, गाजियाबाद, नोएडा आदि के साथ सहारनपुर, अंबाला, हरिद्वार, रुड़की आदि क्षेत्रों में नौकरी करते हैं। इन ट्रेनों में दैनिक यात्रियों की संख्या अधिक है। ट्रेन रद्द होने से आम यात्रियों को मुसीबत होगी।