श्रमिक के घर में आग लगी
मोरना (मुजफ्फरनगर)। कस्बा भोकरहेड़ी में मजदूर के मकान में आग लगने से सारा सामान जलकर राख हो गया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सूचना मिलने पर पहुंची फायर ब्रिगेड पते की तलाश में बस स्टैंड पर खड़ी रही।
कस्बा भोकरहेड़ी के मोहल्ला लोकुपुरा दक्षिणी निवासी जुल्फुकार पुत्र फजला के मकान में रविवार दोपहर लगभग दो बजे जुल्फुकार की पत्नी व बच्चे घर के आंगन में बैठे थे। उन्हें कमरे के अंदर से धुआं निकलता हुआ दिखाई दिया। करीब जाकर देखा तो कमरे में आग की लपटें उठ रही थी। कमरे की छत कच्ची होने के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिसे देखकर बच्चों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर पास पड़ोस से लोग इकट्ठा हो गए। आग पर काबू पाए जाने तक घर का सारा सामान जलकर राख हो चुका था। ग्रामीणों ने मकान मालिक को सूचना दी। अपनी आंखों के सामने घर की यह हालत देखकर जुल्फकार व उसका परिवार सदमे में है। ग्रामीणों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी, लेकिन घंटों बीत जाने के बाद भी फायर ब्रिगेड मौके पर नहीं पहुंची। जुल्फकार ने बताया कि कमरे में कुछ पैसे, कपड़े आदि रखे थे। आग लगने से घर में रखा सभी सामान जल चुका है।