व्यापारियों के खिलाफ नहीं हूं: कपिलदेव
मुजफ्फरनगर। उद्योग व्यापार मंच की बैठक में जांच के नाम पर व्यापारियों को भयभीत करने के आयकर के कदमों की आलोचना की गई। इस मौके पर विधायक कपिलदेव अग्रवाल ने कहा कि वह एक व्यापारी हैं, व्यापारियों के खिलाफ कभी नहीं हो सकते। उन्होंने जो पत्र मुख्यमंत्री को लिखा था, वह व्यक्ति विशेष के लिए था। उन्होंने कहा कि व्यापारियों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
रुड़की रोड स्थित एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रमोद मित्तल ने कहा कि आयकर विभाग जिस तरह से छापे मार रहा है, यह व्यापारियों को भयभीत करने की कार्रवाई है। आयकर को जांच करनी है तो वह सामान्य तरीके से अपनी कार्रवाई कर सकता है। 50 अधिकारियों की टीम के साथ आना दहशत फैलाना है। व्यापारी इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे। व्यापारी नेता रेवती नंदन सिंघल ने कहा कि उत्पीड़न के खिलाफ व्यापारियों को एकजुट होना होगा।
विधायक कपिलदेव अग्रवाल के पत्र को लेकर व्यापारियों ने सवाल उठाए तो कार्यक्रम के बीच में पहुंचकर विधायक ने सफाई दी। विधायक ने कहा कि उन्होंने व्यक्ति विशेष के लिए मुख्यमंत्री को पत्र लिखा था। वह व्यापारी हैं और हमेशा व्यापारी हितों के लिए काम करेंगे। व्यापारियों के लिए हर समय तैयार हैं। बैठक में नीरज गुप्ता, निशांक जैन, राजकुमार नरुला, ज्ञान कुमार एडवोकेट, पवन बंसल, श्रीमोहन तायल, अजय गुप्ता, अरविंद राज शर्मा आदि रहे।