सातवें वेतन आयोग के आधार पर मिलेगा वेतन
मुजफ्फरनगर। परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों को सातवें वेतन आयोग के आधार पर वेतन जारी किया जाएगा। शुक्रवार तक सभी शिक्षकों के खातों में पैसा चला जाएगा। सीडीओ अंकित अग्रवाल ने बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक के बाद यह आदेश दिया।
परिषदीय स्कूलों के शिक्षक दो खेमों में बंटे हुए थे। सातवें वेतन आयोग के आधार पर वेतन जारी करने से पहले प्रमोशन पाए दलित शिक्षकों के डिमोशन की मांग एक गुट कर रहा है। दलित समाज से जुड़े शिक्षक इसका विरोध कर रहे थे। शिक्षा विभाग इस बीच में उलझा हुआ था। तीन माह से शिक्षकों को वेतन ही जारी नहीं हो पाया था। इसे लेकर शिक्षक लगातार हंगामा कर रहे थे। बुधवार को सीडीओ अंकित अग्रवाल ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। लेखा विभाग के अधिकारी भी इसमें बुलाए गए। सभी पहलुओं पर विचार किया गया। बीएसए चंद्रकेश यादव ने शासन से आए आदेश को पढ़कर सुनाया। विचार-विमर्श के बाद सभी शिक्षकों को सातवें वेतन आयोग के आधार पर वेतन जारी करने के आदेश सीडीओ ने दिए। प्रमोशन पाए दलित अध्यापकों को फिलहाल इंक्रीमेंट रोक दिया गया है। वरिष्ठता के आधार पर प्रमोशन की जो प्रक्रिया होगी, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। बीएसए चंद्रकेश यादव ने बताया कि फिलहाल समस्या का निराकरण हो गया है।