आवास योजना के पात्रों को स्वीकृति पत्र दिए
मोरना। प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्रों को स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। इस मौके पर बीडीओ मोरना व क्षेत्र पंचायत प्रमुख ने ग्रामीणों व लाभार्थियों को महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराई।
ब्लाक कार्यालय मोरना में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्रों को स्वीकृति पत्र प्रदान करते हुए खंड विकास अधिकारी ब्रह्मप्रकाश सिंह ने बताया कि जिला ग्राम विकास प्राधिकरण मुजफ्फरनगर के तत्वावधान में जरूरतमंदों के लिए 25 वर्ग मीटर जगह में आवासीय भवन निर्माण के लिए पात्र व्यक्ति को एक लाख बीस हजार रुपये तीन किश्तों में प्रदान किए जाएंगे। धनराशि को ऑनलाइन द्वारा लाभार्थी के बैंक खाते में सीधे भेजा जाएगा। शौचालय निर्माण के लिए 12 हजार रुपये अलग से लाभार्थी को दिए जाएंगे। इसके अलावा 175 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से 90 दिनों तक मनरेगा के तहत पात्र को मिलेंगे। निर्माण की अवधि आठ माह की होगी। क्षेत्र पंचायत प्रमुख अनिल राठी ने बताया कि वर्तमान में 52 पात्रों को लाभार्थी बनाया गया है। इस मौके पर रोशन जहां, उज्मा, मोबिना, अमीना, साजिदा, राबिया, रिहाना, केला, महरून्निशा, जुम्मा, फुल्लो आदि को स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। एडीओ पंचायत चन्द्रप्रकाश शर्मा, अवर अभियंता इस्तखार अहमद, प्रवेश कुमार आदि उपस्थित रहे।