हादसे में बाइक सवार की मौत, एक जख्मी
रतनपुरी/खतौली (मुजफ्फरनगर)। हाईवे पर फुलत अंडरपास के पास अचानक पिछले पहिये का टायर फटने से बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साला घायल हो गया। परिजन बगैर पोस्टमार्टम कराए शव को अपने साथ ले गए।
मेरठ के थाना फलावदा क्षेत्र के गांव सनौता निवासी इसरार सैफी पुत्र निसार अहमद बाइक से अपने बहनोई मेरठ के थाना जानी क्षेत्र के गांव बाफरपुर निवासी शाबिर सैफी के साथ रविवार की सुबह मुजफ्फरनगर अस्पताल में अपने रिश्तेदार के बीमार बच्चे को देखने के लिए जा रहे थे। रविवार की सुबह करीब छह बजे जीजा और साला हाईवे पर फुलत अंडरपास के पास पहुंचे। अचानक बाइक के पिछले पहिये का टायर फट गया। टायर फटने से बाइक काफी दूर तक सड़क पर घिसटती हुई चली गई। बाइक से नीचे सड़क पर गिरने से शाबिर सैफी की मौके पर ही मौत हो गई। उसका साला इसरार सैफी घायल हो गया। इसरार ही बाइक चला रहा था। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे मेें लेकर घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। घटना की जानकारी मिलने पर मृतक के परिजन अस्पताल में पहुंचे। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को परिजनों को सुपुर्द कर दिया।