बुढ़ाना। कांवड़ यात्रा को लेकर अधिकारियों की बैठक में निर्माणाधीन मुजफ्फरनगर वाया बुढ़ाना-बड़ौत मार्ग पर पैचवर्क न होने पर विधायक ने लोनिवि के अधिकारियों से नाराजगी जताई। कहा कि कांवड़ यात्रा में अंडा और मीट की दुकानें नहीं खुलेंगी।
कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए नगर पंचायत कार्यालय के सभागार में क्षेत्रीय विधायक उमेश मलिक ने सभी विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक ली। मुजफ्फरनगर वाया बुढ़ाना-बड़ौत मार्ग का चौड़ीकरण जारी है। इस मार्ग पर पैचवर्क न होने के कारण विधायक उमेश मलिक विभाग के अधिकारियों पर भड़क उठे। उन्होंने जेई और विभाग के अधिकारियों से पैचवर्क का काम प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए। एसडीएम दीपक कुमार ने कहा कि कांवड़ मार्ग पर कस्बे से लेकर देहात तक जर्जर तार नहीं लटकने चाहिए। ट्रांसफार्मर रखे स्थानों की विशेेष सुरक्षा व्यवस्था की जाए। कस्बों में सफाई, पानी, शौचालय आदि की जिम्मेदारी अधिशासी अधिकारी की होगी। टाउन की सीमा से बाहर की जिम्मेदारी खंड विकास अधिकारी को सौंपी गई। स्वास्थ्य संबंधी किसी भी परेशानी के लिए नि:शुल्क दवाइयों के कैंप लगाए जाएंगे। कांवड़ शिविरों में बनने वाले भोजन चाय आदि की गुणवत्ता हेतु खाद्य निरीक्षक को जिम्मेदारी सौंपी गई। नगर पंचायत की चेयरपर्सन बाला त्यागी व पूर्व चेयरमैन जितेन्द्र त्यागी ने कहा कि कांवड़ मार्ग को कैमरों की निगरानी में रखा जाएगा। मौके पर शाहपुर के चेयरमैन प्रमेश सैनी, सर्किल के सभी थानाध्यक्ष, तहसीलदार मनोज कुमार आदि रहे।