इस बार कुंभ के पैटर्न पर होगी कांवड़ यात्रा
मुजफ्फरनगर। डीएम अजय शंकर पांडेय ने कहा कि कांवड़ यात्रा को जनता के सहयोग से सकुशल सम्पन्न कराया जाएगा। इतने बड़े आयोजन में जनसहभागिता की आवश्यकता है। कांवड़ का महत्व अधिक है। शासन की भी नजर कांवड़ यात्रा पर है। इस बार कांवड़ को कुंभ के पैटर्न पर कराने की तैयारी है।
डीएम अजय शंकर पांडेय ने बृहस्पतिवार को जिला पंचायत के चौधरी चरण सिंह सभागार में कांवड़ यात्रा को लेकर जिले के ग्राम प्रधानों, ग्राम सचिवों और एडीओ के साथ बैठक की। कहा कि पिछले दिनों कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया गया। जहां-जहां पर कमी पाई गई वह अधिकारियों को नोट करा दी गई है और शीघ्र ही उनका निराकरण हो जाएगा। ग्राम प्रधानों से कहा कि गंग नहर की पटरी या गांव में लगने वाले शिविरों के स्थान को देख वहां की साफ सफाई, विद्युत, पानी, हैंडपंप की व्यवस्था पहले से ही देख ली जाए, ताकि शिविर लगाते समय कोई दिक्कत न हो। जहां जो कार्य कराना है ग्राम प्रधान उसकी सूची उपलब्ध करा दें, ताकि समय रहते कार्य पूर्ण किए जा सके। कांवड़ में चुनाव की तरह ड्यूटी लगाई गई है। उन्होंने प्रधानों से कहा कि जनपद में कई करोड़ कांवड़िये गुजरते है, वे हमारे मेहमान हैं, उनका आदर सत्कार होना चाहिए। इसके लिए जनसहभागिता की जरूरत है। सब मिलजुलकर इस आयोजन को सफल बनाएं। ग्राम प्रधान सफाई अभियान चलाए। जहां कही भी सहायता की जरूरत होगी उपलब्ध कराई जाएगी। कांवड़ पर्व को घर के उत्सव की तरह मनाएं। बैठक में एडीएम प्रशासन, अमित सिंह, डीपीआरओ, ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सचिव व एडीओ उपस्थित थे।
ग्राम प्रधानों ने रखी मांगे
मुजफ्फरनगर। ग्राम प्रधानों द्वारा विद्युत के तारों को ऊपर कराए जाने, अस्थायी शौचालय निर्माण में प्रशासन का सहयोग, सफाई कर्मियों की नियुक्ति, नावला कोठी पर अतिरिक्त पानी पीने के नल की व्यवस्था, नावला मोड़, जीवना मोड़ पर नल की व्यवस्था व बिजली के खंभों को ठीक कराए जाने की मांग रखी गई। डीएम ने ग्राम प्रधानों का आश्वस्त किया कि कांवड़ से पूर्ण सभी कार्य पूर्ण कराए जाएंगे। प्रधानों ने मांग रखी कि गांव मे लगने वाले शिविरों की अनुमति देने से पूर्व ग्राम प्रधान की संस्तुति भी ले ली जाए। डीएम ने कहा कि प्रधान की अध्यक्षता में एक कमेटी का गठन किया जाए, जिसमें ग्राम पंचायत सचिव व अन्य जिम्मेदार लोगों को शामिल किया जाए। यह कमेटी अतिक्रमण, सफाई व पंचायत स्तर पर जो कार्य कराए जा सकते हो उनका निस्तारण कराएगी।