जानसठ। कस्बा व क्षेत्र की कई छात्र-छात्राओं ने मुजफ्फरनगर के निजी पॉलिटेक्निक कालेज पर उनका एक साल बर्बाद करने का आरोप लगाते हुए डीएम को पत्र भेजकर कार्रवाई करने की मांग की है।
कस्बे व क्षेत्र के अलग-अलग गांव निवासी रितिका कांबोज, आशीष त्यागी, आंचल चौधरी व आदित्य मित्तल आदि छात्र-छात्राओं ने डीएम अजय शंकर पांडेय को शिकायती प्रार्थना पत्र भेजकर बताया कि वे मुजफ्फरनगर के एक निजी पॉलिटेक्निक कालेज में सिविल ट्रेड में द्वितीय वर्ष के छात्र हैं। 4 जून को उनका प्रथम वर्ष का एक बैक पेपर जिले के दूसरे कालेज में होना था। पेपर देने के लिए बोर्ड ऑफ टेक्निकल एजुकेशन उत्तर प्रदेश द्वारा प्रवेश पत्र भी जारी किया गया था। छात्रों का नाम प्रोविजनल सूची में दर्ज था। छात्र-छात्राएं उस कालेज में पेपर देने गए, तो उन्होंने यह कहते हुए कक्षा में बैठने नहीं दिया कि उनके कालेज द्वारा उनके नामों की सूची केंद्र वाले कालेजों को नहीं भेजी। छात्र-छात्राओं ने अपने कालेज से कई बार संपर्क कर समस्या का समाधान करने को कहा, लेकिन कालेज वालों ने कोई ध्यान नहीं दिया। सभी छात्र-छात्राएं पेपर देने से वंचित रह गए। जिसके चलते उनका एक साल बर्बाद हो जाएगा। छात्र-छात्राओं ने डीएम से कालेज के खिलाफ कार्रवाई करने व पेपर दिलवाने की मांग की है।