गर्मी में बिजली और पानी के लिए तरस रहे लोग
देवबंद (सहारनपुर)। गर्मी में मोहल्ला सराय पीर जादगान के लोग बिजली और पानी का संकट से जूझ रहे हैं। क्षेत्र में ट्रांसफार्मर पिछले दो दिन से फुंका पड़ा है। बिजली आपूर्ति बाधित होने के साथ ही पेयजल सप्लाई बाधित हो रही है।
क्षेत्र में पेयजल संकट को देखते हुए नगरपालिका ने बुधवार को जैसे ही सराय पीरजादगान में पानी का टैंकर भेजा तो वहां पानी भरने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। बच्चे और बड़े बाल्टियों और डिब्बों में पानी भरने लगे। क्षेत्रवासी नईद, जाहिद, इकबाल, जावेद, कलीम, आकिल, आमना, बानो, साईदा, शाईन समशीदा, खुर्शीदा आदि ने बताया कि नलकूप खराब होने के कारण पेयजल की टोंटियों में लंबे समय से पानी नहीं आ रहा है। इस कारण गर्मी के चलते इधर-उधर लगे हैंडपंपों से पानी भरना पड़ रहा है।
क्षेत्रवासियों ने बताया कि पिछले दो दिन से मोहल्ले का ट्रांसफार्मर भी फुंका होने से रात की नींद और दिन का चैन छिन गया है। अब सिर्फ नगरपालिका ने समस्या को देखते हुए जलकल विभाग का टैंकर मोहल्ले में रखवा दिया। उन्होंने प्रशासन से फुंके ट्रांसफार्मर को शीघ्र बदलने की मांग की है। नगरपालिका के ईओ विनोद कुमार ने बताया कि सराय पीरजादगान का नलकूप खराब पड़ा है। इसकी मरम्मत कराई जा रही है। समस्या को देखते हुए मोहल्ले में अब वाटर टैंक रखवाकर पानी की आपूर्ति की जा रही है। खराब पड़ा ट्यूबवेल भी जल्द चालू करा दिया जाएगा। वहीं, एसडीओ अमित त्यागी ने बताया कि ट्रांसफार्मर बदलने का कार्य किया जा रहा है।