ट्रस्ट के अध्यक्ष की कमरे में लाश मिली
मोरना (मुजफ्फरनगर)। श्री गणेश सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष की कमरे में लाश मिलने से सनसनी फैल गई। धाम में उपस्थित श्रद्धालुओं ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने पूछताछ कर परिजनों को शव सौंप दिया। परिजनों ने शुकतीर्थ स्थित श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार कर दिया।
गाजियाबाद के गोविंदपुरम निवासी श्रीकृष्ण वर्मा पांच वर्ष पहले शुकतीर्थ आ गए थे, जिन्होंने तीर्थनगरी में गंगा घाट पर तीन मंजिला श्री गणेश सेवा ट्रस्ट धाम बनाया। धाम में ठहरे श्रद्धालु मंगलवार की सुबह तीसरी मंजिल पर बने कमरे में गए, तो श्रीकृष्ण वर्मा बेड पर मृत पड़े मिले। सूचना पर सीओ राममोहन शर्मा, प्रभारी निरीक्षक एमएस गिल पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल कर उनके परिजनों को सूचना दी। नगरी के कुछ लोगों ने बताया कि श्रीकृष्ण वर्मा हृदयरोगी थे।परिजनों ने किसी भी कानूनी कार्रवाई से इंकार करते हुए शुकतीर्थ स्थित शमशान घाट पर श्रीकृष्ण वर्मा का अंतिम संस्कार कर दिया।