देवबंद (सहारनपुर)। रणसूरा गांव की महिला गांव से दो किलोमीटर पहले एक ट्यूबवेल पर बेहोशी की हालत में पड़ी मिली। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। करीब तीन माह पूर्व उसकी शादी दिल्ली में हुई थी।
रविवार की रात्रि कुछ ग्रामीणों ने पुलिस को जानकारी दी कि रणसूरा न्यायमतपुर गांव के बीच जंगल में महिला मूर्छित अवस्था में पड़ी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को उठाकर उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। इस दौरान पुलिस को महिला की कुर्ती की जेब से एक मोबाइल नंबर मिला जिसे पर फोन कर इसके बारे में जानकारी दी गई। बताया जाता है कि कुछ देर बाद एक युवक अस्पताल पहुंचा और उसने स्वयं को महिला का पड़ोसी बताते हुए उसका नाम रेशू पुत्री मुकेश निवासी रणसूरा गांव बताया। साथ ही जानकारी दी कि करीब तीन माह पूर्व रेशू का विवाह दिल्ली में हुआ था। काफी देर बाद सीएचसी पहुंचे उसके परिजनों से जब इसके बारेे पूछा गया तो उन्होंने चुप्पी साध ली। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। विवाहिता ट्यूबवेल पर कैसे पहुंची इसकी पड़ताल की जा रही है। बताया जा रहा है कि महिला ने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन किया हुआ है।
सड़क पर पड़ा मिला बुजुर्ग, अस्पताल में भर्ती कराया
देवबंद। मंगलौर-रुड़की मार्ग पर सड़क पर पड़े 70 वर्षीय बुजुर्ग को पुलिस ने उठाकर उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया।
रविवार की रात्रि पुलिस की डायल-100 वाहन पर तैनात पुलिसकर्मियों ने मंगलौर रोड पर पड़े बुजुर्ग को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। अस्पताल में बुजुर्ग से पूछताछ की गई तो वह इतना गुस्से में था कि चिकित्सक द्वारा लगाई गई ड्रिप को भी उसने निकालकर फेंक दिया। बाद में उसने अपना नाम इरफान निवासी सोहनचिड़ा बताया। जिसके चलते वहां मौजूद कुछ मीडियाकर्मियों ने उक्त गांव में संपर्क किया तो काफी देर के बाद उसके परिजनों से संपर्क हो सका। रात्रि करीब दो बजे परिजन उसे लेकर घर गए।