मोहित हत्याकांड के आरोपी ने किया कोर्ट में आत्मसमर्पण
मुजफ्फरनगर। शहर के सरकुलर रोड पर दिनदहाड़े लोगों की भीड़ के सामने की गई गांव दौलतपुर निवासी मोहित की हत्या में नामजद एक आरोपी ने शनिवार को पुलिस को चकमा देकर कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। सनसनीखेज हत्याकांड के जो दो आरोपी फरार हैं, पुलिस अभी तक उनका भी सुराग नहीं लगा पाई है।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के सरकुलर रोड स्थित रेशु विहार चौक पर 17 मई की दोपहर सिखेड़ा क्षेत्र के गांव दौलतपुर निवासी मोहित पुत्र दीपचंद की बाइक सवार तीन युवकों ने सरेआम लोगों की भीड़ के सामने गोली मारकर हत्या कर दी थी। पीड़ित पिता दीपचंद ने हत्या में गांव जड़ौदा निवासी पारस उर्फ मालू व आकाश के साथ ही गांव लच्छेड़ा निवासी लविश उर्फ लंगड़ा के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उक्त तीनों हत्यारोपी चर्चित रोहित उर्फ सांडू गैंग के शूटर्स बताए जा रहे थे। दिनदहाड़े हुई इस हत्या से क्षेत्र में अफरातफरी मच गई थी, जिससे मौके पर मौजूद छात्र-छात्राएं भी दहशत में आ गए थे। दिनदहाड़े व शहर के बीचोबीच हुए इस दुस्साहसिक हत्याकांड में तीनों आरोपी नामजद होने के बावजूद थाना पुलिस एक हफ्ते में भी उन्हें दबोचने में विफल रही। इसी बीच शनिवार को मोहित की हत्या में शामिल रहे गांव लच्छेड़ा निवासी लविश उर्फ लंगड़ा ने पुलिस को चकमा देकर कोर्ट में सरेंडर कर दिया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि जेल गए हत्यारोपी को रिमांड पर लेकर उससे पूछताछ की जाएगी।