गंदगी फैलाने पर पांच लोगों के विरुद्ध कसेगी नकेल
मुजफ्फरनगर। नगर में चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान के दौरान पांच लोगों के खिलाफ जिला मजिस्ट्रेट के समक्ष रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। सर्कुलर रोड पर गंदगी फैलाने वाले स्कूलों को चेतावनी दी गई कि वह कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालें।
डीएम अजय शंकर पांडेय ने बताया कि उनके संज्ञान में आया है कि सर्कुलर रोड, मुजफ्फरनगर स्थित एमजी पब्लिक स्कूल, चौधरी छोटू राम डिग्री कॉलेज, चौधरी छोटूराम इंटर कॉलेज एवं केंद्रीय विद्यालय के कर्मचारियों द्वारा स्कूल का कूड़ा डलावघर में न डालकर स्कूल के बाहर रोड पर डाला जा रहा है। डीएम के निर्देश पर स्कूलों के विरुद्ध चालानी रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। सभी सरकारी कार्यालयों एवं सरकारी स्कूलों के सामने तथा आम निवासियों से अपने घरों के सामने साफ-सफाई रखने एवं कूड़ा कूड़ेदान अथवा डलावघर में ही डालने डालने को कहा गया। उत्तरी लद्दावाला में सफाई-व्यवस्था के निरीक्षण के दौरान अहसान पुत्र अख्तर, शहजाद पुत्र जाफर, मुज्जमिल पुत्र मुनव्वर, इनाम पुत्र इकबाल एवं मुनव्वर पुत्र अख्तर के विरुद्घ अपने पशुओं के गोबर आदि को नाली में बहाने के कारण ईओ द्वारा न्यायालय में पब्लिक न्यूसेंस की रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। इस पर उक्त लोगों के विरुद्घ 133सीआरपीसी के अंतर्गत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इन मामलों में न्यायालय में प्रभावी विधिक कार्यवाही करने के लिए नगर पालिका के विधिक सेल के प्रभारी संजय गर्ग को निर्देशित किया गया है। डीएम ने नर्सिंग होम से बल्क में निकलने वाले अपशिष्ट के नियमानुसार निस्तारण की समीक्षा भी करने के निर्देश दिए।