माता के ध्वज की भव्य शोभायात्रा निकाली
मीरापुर। शीतला माता बबरे वाली के पांच दिवसीय भव्य मेले के दूसरे दिन मंदिर में माता के ध्वज की भव्य शोभायात्रा निकालने के बाद स्थापना की गई। मंगलवार सुबह करीब आठ बजे ध्वज शोभायात्रा कस्बे के पड़ाव चौक से शुरू हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल रहे। शोभायात्रा में व्यवस्था के लिए बसंत शिक्षा सदन इंटर कॉलेज के स्काउट्स ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। चंद्रपाल सिंह, रामबहादुर, अनिरुद्ध शारदा, नीरज शारदा, नितिन शर्मा, विकास कौशिक, मधु कौशिक, अंजू रानी, लक्ष्मी, नीरू शर्मा व अनीता शर्मा आदि मौजूद रहे। वहीं, मेले के दूसरे दिन बिजनौर लोकसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी सांसद कुंवर भारतेंद्र सिंह ने भी माता के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।
संभलहेड़ा को डिजिटल गांव घोषित किया
मीरापुर। सूचना प्रौद्योगिक मंत्रालय की पहल पर गांव संभलहेड़ा को डिजिटल गांव घोषित किया गया। पंचमुखी महादेव मंदिर के निकट स्थित एसडी मेमोरियल पब्लिक स्कूल में मंगलवार को मंत्रालय की ओर से कॉमन सर्विस सेंटर के जिला प्रबंधक ऋषभ बंसल ने बताया कि गांव के 600 परिवारों का सर्वे कर लिया गया है, जिन्हें अब डिजिटल सेवाओं से जोड़ा जाएगा। पूरे गांव में सोलर लाइटें भी लगाई जाएंगी। सीएचसी संचालक अरविंद कुमार, पुष्पेंद्र शर्मा, अकरम, कृष्णपाल, अक्षय गर्ग, राजू धीमान और सुमन आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन मास्टर खालिद ने किया।
डोडा पोस्त के साथ दबोचा युवक
मीरापुर। थाना पुलिस ने गांव चुड़ियाला निवासी राजकुमार को संभलहेड़ा नहर पुल पर चेकिंग के दौरान गिरफ्तार कर उसके कब्जे से ढाई किलो डोडा पोस्त बरामद किया। आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।