तिगरी गांव में एसडीएम ने रुकवाया अवैध निर्माण
मुजफ्फरनगर। सदर तहसील के गांव तिगरी में ग्राम सभा की बंजर भूमि पर अवैध निर्माण कार्य को एसडीएम सदर के निर्देश पर लेखपाल ने रुकवा दिया। ग्रामीण ने शिकायत की थी कि बंजर भूमि पर कब्जे की वजह से गांव में दो समुदायों में तनाव व्याप्त है।
सदर ब्लाक के गांव तिगरी में बंजर भूमि पर अवैध कब्जे का मामला तूल पकड़ने लगा है। ग्रामीणों ने एसडीएम सदर कुमार धर्मेंद्र को ज्ञापन देकर मामले की शिकायत की थी। सड़क मार्ग से जुड़ी एक भूमि बंजर में दर्ज है। उक्त भूमि के पश्चिम में गांव के एक पक्ष के दो प्लाट थे, जिसका कुछ भाग उन्होंने दूसरे पक्ष को बेच दिया। उसी की आड़ में बराबर की ग्राम सभा की भूमि पर अवैध कब्जा किया जा रहा है। इस मामले को लेकर गांव में तनाव है। एसडीएम सदर के निर्देश पर लेखपाल ने अवैध निर्माण कार्य रुकवा दिया। बंजर भूमि के खसरे की जांच रिपोर्ट एसडीएम ने तलब की है।