शाहपुर नगर पंचायत की बैठक में 22 करोड़ के प्रस्ताव पास
शाहपुर। नगर पंचायत बोर्ड की बैठक में बुधवार को आगामी वित्तीय वर्ष के लिए 22 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। इनमें कस्बे की पथ प्रकाश व्यवस्था व जलापूर्ति को सुदृढ़ करने के लिए भी कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव शामिल हैं।
कस्बे में नगर पंचायत कार्यालय में बुधवार को आयोजित बोर्ड बैठक में आगामी लोकसभा चुनाव के अंतर्गत लगने वाली आचार संहिता को ध्यान में रखते हुए सबसे पहले गत कार्यवाही की पुष्टि व आय-व्यय का ब्योरा प्रस्तुत किया गया। इसके बाद कस्बे के विभिन्न वार्डों में वित्तीय वर्ष 2019-20 के लिए 22 करोड़ रुपये के प्रस्ताव पारित किए गए। कस्बे की पथ प्रकाश व्यवस्था व पेयजल आपूर्ति को सुदृढ़ करने के लिए 40 लाख रुपये के प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पास किए गए। गृह, जल व व्यापार कर की पंजिका बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत की गई। सभासदों ने कर निर्धारण के लिए नगर पंचायत अध्यक्ष को नियुक्त करने का प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किया गया। बोर्ड बैठक की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमेश सैनी व संचालन अधिशासी अधिकारी ओमगिरि ने किया। सभासद उमेश गोयल, विशाल गर्ग, फोंदा कुरैशी, शाहनवाज कुरैशी, ममता सैनी, रिहाना सैफी, निर्मला चौधरी और ममता सौदाई आदि मौजूद रहे।