अवैध बंदूक और चरस के साथ दबोचा युवक
मुजफ्फरनगर। सिविल लाइंस थाना पुलिस ने शुक्रवार देर रात चेकिंग के दौरान अवैध डबल बैरल की बंदूक व आधा किलो चरस के साथ एक युवक को धर दबोचा। युवक की निशानदेही पर अवैध बंदूक बेचने वाले आरोपी की तलाश में दबिश दी गई, लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ा।
सिविल लाइंस थाने के एसआई कपिलदेव व सिपाही अरविंद कुमार ने शुक्रवार देर रात चेकिंग के दौरान संदिग्ध हालात में घूम रहे युवक को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार पकड़े गए युवक के पास से एक डबल बैरल बंदूक के साथ ही आधा किलो चरस भी बरामद की गई, जिस पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़ा गया आरोपी छपार के गांव सिसौना निवासी सलमान है, जिसने पूछताछ में उक्त बंदूक गांव दतियाना निवासी मोहसिन से खरीदकर लाने की जानकारी दी। सूचना पर पुलिस ने आरोपी मोहसिन की तलाश में दबिश दी, लेकिन वह भनक पाकर पहले ही घर से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार फरार हुआ मोहसिन अवैध हथियार सप्लाई के धंधे से जुड़ा है, जो हत्थे नहीं चढ़ा। वहीं, पकड़ा गया सलमान का भाई भी शातिर अपराधी है, जिसे शहर कोतवाली पुलिस ने कुछ समय पूर्व ही मुठभेड़ में गिरफ्तार कर जेल भेजा था। आरोपी सलमान व मोहसिन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तार आरोपी को जेल भेज दिया गया है।