एमडीए भवन के सामने बनेगी नई कालोनी
मुजफ्फरनगर। पीएम आवास योजना के लिए मेरठ रोड पर एमडीए भवन के सामने 12110 वर्ग मीटर भूमि चिह्नित कर ली गई है। इस जमीन पर एमडीए 500 आवासों का निर्माण कराएगी। जिला सहकारी बैंक के पूर्व चेयरमैन कुंज बिहारी अग्रवाल ने यह भूमि शासनादेशों के मुताबिक शर्तों पर एमडीए को दी है। एमडीए के प्रस्ताव पर सहारनपुर मंडलायुक्त ने भी मोहर लगा दी है।
कांशीराम आवासों के बाद नगर के बेघरों को पीएम आवास योजना में अपना आशियाना मिलेगा। नए घरों के लिए एमडीए ने जो जमीन फाइनल की है, वह मुजफ्फरनगर-मेरठ मुख्य मार्ग पर स्थित है। वहलना चौक से सुजडू चौक के बीच पांच सौ नए घर बनाने की तैयारी है। एमडीए भवन के सामने की भूमि का रकबा जिला सहकारी बैंक के पूर्व चेयरमैन कुंज बिहारी अग्रवाल का है। यहीं पर बसपा के पूर्व सांसद कादिर राना और पूर्व विधायक शाहनवाज राना की कोठियां है। पीएम की आवास योजना के लिए एमडीए बीते एक साल से शहरी क्षेत्र में भूमि पार्टनरशिप में आवास बनाने के लिए तलाश रहा था। जमीन की लोकेशन को देखते हुए एमडीए ने कुंज बिहारी अग्रवाल की भूमि को अंत में फाइनल किया है। योजना का यह प्रस्ताव एमडीए के अध्यक्ष एवं आयुक्त सहारनपुर ने भी स्वीकृत कर दिया है। शनिवार को एमडीए और तहसील प्रशासन के अधिकारियों, इंजीनियर्स और लेखपालों ने पीएम आवास योजना की भूमि चिह्नित करा दी। इस दौरान तहसीलदार रंजीत सिंह, एमडीए सचिव राजवीर मावी, एई एसपी सिंह, शहर लेखपाल मूलचंद सैनी, शैलेंद्र शर्मा, सतेंद्र, बिजेंद्र शर्मा के साथ पुलिस बल मौके पर रहा।
गुजरात की तर्ज पर होगा डेवलेपमेंट
मुजफ्फरनगर। गुजरात की तर्ज पर एमडीए पीएम आवास योजना को क्रियान्वित करेगा। 12,110 वर्ग मीटर भूमि में से आधी जमीन पूर्व चेयरमैन कुंज बिहारी अग्रवाल के पास रहेगी, जबकि आधी जमीन पर एमडीए 500 आवास बनाएगा। साथ ही भूमि पर सड़क, पार्किंग, पेयजल, बिजली आपूर्ति, पार्क, मार्किट बनाने का जिम्मा एमडीए पूरा करेगा। तत्कालीन वीसी विनोद कुमार सिंह ने पीएम आवास के लिए उक्त भूमि को सर्वश्रेष्ठ पाया। यहां से सीधा रास्ता एनएच-58 से जुड़ा है।