ग्रामीण शिक्षा के विकास से बदलेगा भारत
शाहपुर। विकास खंड के गांव सोहंजनी तगान में अंग्रेजी माध्यम के प्राथमिक विद्यालय नंबर-दो में छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए समर कैंप लगाया गया। मुख्य अतिथि भाजपा विधायक उमेश मलिक ने कहा कि ग्रामीण विकास के लिए परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ानी होगी।
सीबीएसई स्कूलों की तर्ज पर सोहंजनी तगान की प्राइमरी पाठशाला में समर कैंप के माध्यम से विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को चमकाने का प्रयास किया गया। क्षेत्रीय एमएलए उमेश मलिक ने कहा कि परिषदीय विद्यालयों पर देश की बड़ी जिम्मेदारी है। गांव-गांव में शिक्षा बढ़ेगी, तभी भारत का विकास होगा। डायट प्राचार्य भीम सिंह ने कहा कि शिक्षा के साथ बच्चों की अंदरूनी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने से व्यक्तित्व में निखार आता है। संस्था का प्रयास सराहनीय है। बीईओ सुदर्शन लाल ने कहा कि यह विद्यालय शिक्षा के उद्देश्यों को पूरा करने में सफल रहा है। ग्रीष्मकालीन अवकाश में समर कैंप से बच्चों को प्रेरणा और उत्साह मिलेगा। छात्राओं ने योग प्रदर्शन किया। मेधावी बच्चों को पुरस्कृत किया गया। डायट शिक्षक जितेंद्र सिंह, नीरा शर्मा, अनुराधा ने विचार रखे।